बिना रोलर चलाए बिछा दी डामर की परत, उखडऩे लगी सड़क

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में फर्जीवाड़ा

बबलिया से दादर कुई माल मार्ग पर बिना रोलर चलाए बिछा दी डामर की परत, उखडऩे लगी सड़क

  • नारायणगंज जनपद अध्यक्ष ने किया औचक निरीक्षण
  • निर्माण कार्य में धांधली देख भड़के ग्रामीण, कलेक्टर से जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नारायणगंज-बबलिया मुख्य मार्ग से दादर कुई माल पहुंच मार्ग तक बनाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी धांधली और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने दादर कुई माल क्षेत्र का दौरा कर निर्माण कार्य का जमीनी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं और सिर्फ खानापूर्ति किए जाने की बात उजागर हुई है।
गुणवत्ता ताक पर, बिना पानी और रोलर के ही कर दिया डामरीकरणमौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष को बताया कि ठेकेदार द्वारा प्राक्कलन के नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। सड़क के अर्थ वर्क, लंबाई, चौड़ाई और मोटाई पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। सड़क को मजबूत करने के लिए न तो डस्ट डाली गई और न ही पानी डालकर रोलर से दबाया गया। गिट्टी बिछाने के तुरंत बाद सीधे डामरीकरण कर दिया गया। लापरवाही का आलम यह है कि उद्घाटन से पहले ही सड़क जगह-जगह से उखडऩे लगी है और उसमें गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा साइड शोल्डर भी नहीं भरे गए हैं और न ही पानी निकासी के लिए नालियां काटी गई हैं।

पुल-पुलिया भी अधूरे, कलेक्टर से शिकायत 

सड़क के साथ-साथ क्षेत्र में पुल और पुलियों का निर्माण कार्य भी आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार जहां पानी निकासी के लिए पुलिया बनाई जानी बेहद जरूरी थी, वहां ठेकेदार ने पुलिया का निर्माण ही नहीं कराया। इस पूरी धांधली को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अपूर्ण और गुणवत्ताहीन कार्य को दोबारा सही तरीके से पूर्ण कराया जाए।


Leave a Comment