धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान
होम-स्टे का हुनर सीखने कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की पहुंचे ग्राम कुम्हा के ग्रामीण
- जनजातीय विकास की नई पहल
- जिला प्रशासन ने कराई एक्सपोजर विजिट
- अब नारायणगंज के कुम्हा में भी विकसित होंगे होम-स्टे
मंडला महावीर न्यूज 29. धरती आभा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कुम्हा के हितग्राहियों के लिए एक विशेष एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के प्रसिद्ध मुक्की गेट क्षेत्र का दौरा कराया गया। इस विजिट का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को पर्यटन व्यवसाय और होम-स्टे संचालन की बारीकियों से रूबरू कराना है, ताकि वे अपने क्षेत्र में स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
सीखा होम-स्टे का सीखा व्यावहारिक ज्ञान और प्रबंधन
भ्रमण के दौरान हितग्राहियों ने मुक्की क्षेत्र में पहले से सफलतापूर्वक संचालित हो रहे होम-स्टे का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मेहमानों के स्वागत की परंपरा, कमरों की साज-सज्जा और स्वच्छता के उच्च मानकों को देखा और समझा।
सफल संचालकों से कराया सीधा संवाद
ग्रामीणों ने स्थानीय होम-स्टे संचालकों से सीधा संवाद कर उनके जमीनी अनुभवों को जाना। इस दौरान उन्होंने सीखा कि पर्यटकों को स्थानीय आदिवासी संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक भोजन के माध्यम से कैसे आकर्षित किया जा सकता है। कान्हा नेशनल पार्क के समीप होने के कारण मुक्की में पर्यटन व्यवसाय तेजी से बढ़ा है, इसी तर्ज पर अब ग्राम कुम्हा में भी होम-स्टे की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया जा रहा है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
धरती आभा अभियान का मूल लक्ष्य जनजातीय क्षेत्रों का समग्र और आर्थिक विकास करना है। इस अध्ययन भ्रमण से प्रेरणा लेकर ग्राम कुम्हा के हितग्राही अब अपने घरों को होम-स्टे के रूप में विकसित कर सकेंगे। इससे जहां एक ओर पर्यटकों को विशुद्ध ग्रामीण परिवेश का अनूठा अनुभव मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्थानीय परिवारों की आय में भारी वृद्धि होगी। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि आने वाले दिनों में इन हितग्राहियों को तकनीकी और वित्तीय सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।









