रफ्तार का कहर, भीषण सड़क हादसा
बीजाडांडी के पास दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत
- एक की मौत, 5 घायल, एक गंभीर
- समनापुर-मझगांव मोड़ पर टकराई तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें
- एक ने मौके पर तोड़ा दम, जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत समनापुर के आगे मझगांव मोड़ पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आ रही दो मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो नाबालिग बच्चों समेत 5 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 4 बजे की है। ग्राम रैगाझोरी निवासी सुखदेव सैयाम (37 वर्ष) अपने साथी सालिक राम मरावी और अजीत मरावी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ लोग उदयपुर से अपने घर मूसाखोह की तरफ जा रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें समनापुर और मझगांव के बीच स्थित मोड़ के पास पहुंचीं, रफ्तार तेज होने के कारण अचानक आमने-सामने आ गईं। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के सामने का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उस पर सवार लोग उछलकर दूर जा गिरे।
बताया गया कि हादसे में सुखदेव सैयाम पिता छिदामी सैयाम, उम्र 37 वर्ष, निवासी रैगाझोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश वरकडे पिता बालाराम, उम्र 40 वर्ष, निवासी मूसाखोह गंभीर घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसे में सालिक राम मरावी, अजीत मरावी दोनों निवासी रैगाझोरी और दो नाबालिग बच्चे सभी का इलाज बीजाडांडी अस्पताल में जारी है।
राहगीरों ने बचाई जान, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बीजाडांडी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुखदेव सैयाम को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल राजेश वरकडे की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।









