नैनपुर के सूभेवाड़ा के पास बड़ा हादसा, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिरी 108 एंबुलेंस
- लोगों को बचाने के चक्कर में मोड़ पर पलटी एंबुलेंस
- मरीज को छोड़कर लौट रही थी गाड़ी, एक गंभीर घायल जबलपुर रेफर
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सूभेवाड़ा के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एंबुलेंस में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
नैनपुर के बीएमओ डॉ. राजीव चावला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के समय एंबुलेंस किसी मरीज को अस्पताल छोड़कर वापस लौट रही थी, इसलिए उसमें कोई मरीज सवार नहीं था। हादसे के वक्त वाहन में चालक सहित दो लोग मौजूद थे। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उसमें सवार दूसरे व्यक्ति अमरू को गंभीर चोटें लगी हैं।
मोड़ पर लोगों को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
108 एंबुलेंस के सीनियर मैनेजर तरुण सिंह ने बताया कि सूभेवाड़ा के पास मोड़ पर अचानक सामने कुछ लोग आ गए थे। उन्हें बचाने के प्रयास में एंबुलेंस बेकाबू हुई और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे एक सजग बाइक सवार ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से तत्काल सिविल अस्पताल नैनपुर पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अमरू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। फिलहाल, नैनपुर पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।









