मंडला आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
सोफे के अंदर छिपाकर रखी अवैध देशी, विदेशी शराब जब्त
- कलेक्टर के निर्देशन में आबकारी टीम की दबिश
- दो ठिकानों से शराब बरामद
- आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी एवं (प्र.) सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त में दबिश दी गई।
सोफे के भीतर से निकली अवैध शराब
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने महाराजपुर क्षेत्र के कारिकोंन में आरोपी राज चक्रवर्ती के घर पर औचक तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के सोफे के अंदर बेहद शातिर तरीके से छुपाकर रखी गई देसी और विदेशी मदिरा बरामद हुई, जिसे विक्रय के उद्देश्य से रखा गया था। टीम ने मौके से 10 नग एमडी व्हिस्की, 12 नग आरएस व्हिस्की, 10 नग एमडी रम और 30 नग देशी मदिरा प्लेन जब्त की। इसके साथ ही टीम ने ग्राम पेटेगांव में भी एक अन्य घर की तलाशी ली, जहां से 10 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची मदिरा बरामद की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
अवैध रूप से मदिरा का विक्रय करने वाले आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत विधिवत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आबकारी विभाग के अनुसार, जब्त की गई कुल शराब की अनुमानित कीमत लगभग 9,900 रुपये है। इस सफल कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी सहित आरक्षक भानु पुसम, सत्यपाल मरावी, शकुंतला सैयाम और नेतराम ककोटिया मुख्य रूप से शामिल रहे। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









