मंडला बस स्टैंड के होटल में कोतवाली पुलिस की दबिश
63 लीटर अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
- एसपी राजेश रघुवंशी के निर्देश पर विशेष अभियान
- 45 हजार की मदिरा बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश रघुवंशी के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (SDOP) पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल में औचक दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित की गई देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है।
होटल से बरामद हुई महंगी ब्रांड्स की शराब
पुलिस टीम द्वारा होटल परिसर की गहन तलाशी लेने पर विभिन्न नामी ब्रांडों की देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 63 लीटर 760 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 45,000 रुपये आंकी गई है।
बरामद की गई मदिरा में देशी प्लेन शराब के अलावा गोवा, रॉयल स्टैग (R.S.), लेमन बाकर्डी, मैकडॉवेल रम, मैकडॉवेल व्हिस्की, सिग्नेचर जैसी महंगी शराब सहित किंगफिशर स्टाउट और हंटर बियर के कैन व बोतलें शामिल हैं।
इन दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब की अवैध बिक्री और संग्रहण में लिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है:
- विक्की कश्यप पिता ईश्वर कश्यप (उम्र 34 वर्ष), निवासी- बड़ी खेरी, मंडला।
- सुनील तेकाम पिता देवीलाल तेकाम (उम्र 28 वर्ष), निवासी- सुभाष वार्ड, मंडला।
पुलिस ने पूरी शराब को विधिवत जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जाँच में लिया है।
कार्रवाई में इस पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस सफल और त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, उप निरीक्षक योगेश पाटीदार, उप निरीक्षक प्रीति वर्मा, सहायक उप निरीक्षक वामनकर, आरक्षक रमेश, मृदुल, प्रियांश, जगदीश, रजन, धीरू, संदीप, ब्रजेश सहित कोतवाली थाने के अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही। एसपी ने टीम की इस मुस्तैदी की सराहना की है।









