11 वर्षीय बालक के गले से निकाला 6 सेंटीमीटर लंबा मछली का कांटा
- ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सौम्या चौबे ने आधुनिक उपकरणों से किया सफल उपचार
- मंडला जिला अस्पताल में डॉक्टरों का कमाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एक बेहद जटिल और संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 11 वर्षीय बालक को बड़ी राहत दी है। डॉक्टरों ने आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की मदद से बालक के गले में फंसे करीब 6 सेंटीमीटर लंबे मछली के कांटे को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की है।
मछली खाते समय गले में फंसा था कांटा
जानकारी अनुसार मंडला के अंबेडकर वार्ड निवासी 11 वर्षीय बालक अंश चौधरी के गले में मछली खाते समय अचानक एक बड़ा कांटा फंस गया था। कांटा फंसने के कारण बालक को सांस लेने और निगलने में तीव्र तकलीफ होने लगी, जिसे देख परिजन उसे तुरंत गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय मंडला लेकर पहुंचे। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच और उपचार की प्रक्रिया शुरू की।
ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सौम्या चौबे ने दी नई जिंदगी
अस्पताल की नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या चौबे ने अपनी चिकित्सकीय दक्षता और आधुनिक एंडोस्कोपी व अन्य जरूरी उपकरणों की सहायता से बालक के गले का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने बेहद सावधानीपूर्वक गले में गहराई से फंसे लगभग 6 सेंटीमीटर लंबे नुकीले कांटे को बिना किसी अंदरूनी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इस जटिल प्रक्रिया के बाद बालक की स्थिति पूरी तरह सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
जिला अस्पताल में बढ़ेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने इस सफल उपचार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की निरंतर उपलब्धता के कारण अब ऐसे पेचीदा और आपातकालीन मामलों का भी स्थानीय स्तर पर सफल उपचार किया जा रहा है। प्रबंधन ने आगे जानकारी दी कि आने वाले समय में जिला चिकित्सालय मंडला में आम मरीजों के साथ विकलांगता बोर्ड से संबंधित श्रवण बाधित मरीजों को भी विशेषज्ञ परामर्श एवं अत्याधुनिक उपचार की बेहतर सुविधाएं जिला स्तर पर ही उपलब्ध कराई जाएंगी।









