ग्राम कोहका में घर के पास बांस के पेड़ में लगी भीषण आग
ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
- देखते ही देखते विकराल रूप ली आग
- दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम कोहका में विगत दिवस एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ गांव के निवासी डालचंद सेन के घर के बिल्कुल नजदीक स्थित एक विशाल बांस के पेड़ में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने बेहद विकराल रूप ले लिया और पूरा पेड़ धू-धू कर जलने लगा।
ग्रामीणों ने किया प्रयास, फायर ब्रिगेड को दी सूचना
पेड़ में लगी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पूरा पेड़ जलकर खाक हो गया। आग को घर के इतने नजदीक देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल अपने-अपने घरों से पानी के बर्तन और बाल्टियां लेकर खुद ही आग बुझाने का साहसिक प्रयास शुरू कर दिया। इसके साथ ही सजग ग्रामीणों द्वारा फौरन दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई।
दमकल की टीम ने पाया काबू, घरों तक पहुंचने से रुकी आग
आग की सूचना मिलते ही दमकल वाहन की टीम त्वरित मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल की टीम नहीं पहुंचती और आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो लपटें पास में बने रिहायशी मकान तक फैल जातीं। इससे पूरा घर आग की चपेट में आ सकता था और बड़ा धन-जन का नुकसान हो सकता था। दमकल और ग्रामीणों की त्वरित सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।









