नई दिल्ली में 11 जून को होगी नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक

नई दिल्ली में 11 जून को होगी नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक

पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे अध्यक्षता

  • विकसित भारत-2047 के विज़न पर मंथन करने दिल्ली पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव
  • कौशल, स्वास्थ्य और रोजगार पर होगी चर्चा

भोपाल/नई दिल्ली/मंडला महावीर न्यूज 29.  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की अति महत्वपूर्ण बैठक 11 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही है। इस वर्ष बैठक का मुख्य विषय (थीम) ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’ निर्धारित किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस उच्च स्तरीय बैठक में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने और मप्र के विकास का रोडमैप साझा करने के लिए एक दिन पूर्व, यानी 10 जून को ही नई दिल्ली पहुंच चुके हैं

मानव पूंजी, रोजगार और स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेगा मुख्य एजेंडा

नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की इस बैठक में देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्र शासित प्रदेशों के उप राज्यपाल एक साथ मिलकर समावेशी मानव विकास के प्रारूप पर गहन चर्चा करेंगे। इस बार बैठक मुख्य रूप से चार बड़े स्तंभों पर केंद्रित रहेगी, जिनमें ‘मूलभूत मानव पूंजी और भविष्य के लिए तैयार कौशल’, ‘उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास’, ‘स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण’ तथा ‘सभी के लिए समानता और गरिमा’ जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा, बैठक में देश भर में उद्यमिता (स्टार्टअप्स) को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल विकास को बढ़ाने और स्थायी रोजगार के नए अवसर सृजित करने के ठोस उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

देशभर का शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद

इस महामंथन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों सहित केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल व प्रशासक हिस्सा लेंगे। साथ ही, केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्री पदेन सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मौजूद रहेंगे। बैठक में नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सभी सदस्य और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) भी उपस्थित रहकर विकसित भारत के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आगामी नीतियों की रूपरेखा तैयार करेंगे।


Leave a Comment