बगली गांव में दबंगों का कहर

बगली गांव में दबंगों का कहर

पुस्तैनी मकान के आंगन में जबरन जेसीबी से खुदाई

  • विरोध करने पर पूरे परिवार को दी जान से मारने की धमकी
  • पुलिस चौकी और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
  • न्याय और सुरक्षा की गुहार लेकर जनसुनवाई में पहुंचा पीडि़त परिवार

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी के ग्राम बगली की एक युवती अपने पीडि़त परिवार के साथ मंडला जनसुनवाई न्याय की गुहार लगाने पहुंची। युवती ने गांव के ही कुछ रसूखदार दबंगों पर उनकी निजी पुस्तैनी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम न उठाए जाने के कारण पीडि़त परिवार अपनी सुरक्षा की गुहार लेकर मंडला कलेक्टर के पास पहुंचा।

निजी भूमि पर आधी रात को चलाई जेसीबी, विरोध पर निकाला घातक हथियार 

जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में ग्राम पंचायत चाबी के ग्राम बगली निवासी कुमारी सिमरन खान पिता रफीक खान ने बताया कि बीते 5 जून की रात को उनके निजी स्वामित्व वाली पुस्तैनी भूमि पर बने मकान के आंगन में गांव के दबंग शमशाद खान, सगीरूज मजीद उर्फ गुड्डा और उसके पुत्र सैफ खान ने अवैध रूप से जेसीबी मशीन घुसा दी। आरोपी चोरी-छिपे मकान बनाने के उद्देश्य से वहां नींव की खुदाई करवा रहे थे। जब युवती के माता-पिता ने इस अवैध निर्माण का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

बीच-बचाव के बाद टला बड़ा हादसा, वीडियो साक्ष्य भी मौजूद 

युवती सिमरन खान ने जब अपने माता-पिता के सम्मान की खातिर बीच-बचाव कर शालीनता से बात करने को कहा, तो तीनों आरोपियों ने आपा खो दिया। आरोप है कि उन्होंने युवती को भी अत्यंत अश्लील गालियां दीं और जान से मारने के लिए आमादा हो गए। इस दौरान आरोपियों ने घातक हथियार निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन वहां उपस्थित उनके ही परिवार के अन्य लोगों ने उन्हें जैसे-जैसे रोका। इस विवाद को देखने के लिए गांव के कई लोग मौके पर जमा हो गए थे, जिनके सामने पीडि़त परिवार को अपमानित होना पड़ा। युवती ने बताया कि उसके पास इस पूरी घटना का वीडियो फुटेज भी उपलब्ध है, जिसमें आरोपियों की हरकतें साफ देखी और सुनी जा सकती हैं।

प्रशासनिक अनदेखी से सहमा परिवार, सुरक्षा की मांग 

पीडि़ता ने आवेदन में रोष व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस चौकी चाबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और 112 व सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और पीडि़त परिवार गहरे भय के साए में जीने को मजबूर है। आवेदिका ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए और उनके पूरे परिवार को उचित सुरक्षा प्रदान की जाए।


 

Leave a Comment