जनमन योजना की सड़क में भ्रष्टाचार

जनमन योजना की सड़क में भ्रष्टाचार

मल्ठार से बैगा टोला मार्ग पर बिना रोलर चलाए सीधे कर दिया डामरीकरण

  • अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से लीपापोती
  • पुरानी ग्रेवल सड़क पर ही बिछा दी नई परत, जनपद अध्यक्ष से जांच की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. बवलिया से लगभग 8 किलोमीटर दूर ग्राम मल्ठार से मल्ठार बैगा टोला तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क जनमन योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण में तकनीकी प्राक्कलन को दरकिनार कर भारी लापरवाही बरतने का मामला प्रकाश में आया है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी से नाराज मल्ठार के ग्रामवासियों ने नारायणगंज विकासखंड के जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया से मुलाकात कर घटिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है।ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत के चलते सड़क निर्माण में भारी अनियमितता की जा रही है। अर्थवर्क (मिट्टी कार्य) करते समय न तो पानी डाला गया और न ही डस्ट-मुरम डालकर रोलर से उसे दबाया गया। इतना ही नहीं, सड़क के बेस के लिए गिट्टी बिछाने के बाद भी बिना पानी डाले और बिना रोलर चलाए, नियमों को ताक पर रखकर सीधे उसके ऊपर डामलीकरण कर दिया गया है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर भरे जाने वाले साइड शोल्डर का कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है।

पुरानी सड़क पर ही लीपापोती करने का आरोप 

क्षेत्रवासियों ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2022-23 में जनपद पंचायत नारायणगंज के माध्यम से ग्राम पंचायत मल्ठार द्वारा इसी मार्ग पर ग्रेवल सड़क का निर्माण कराया गया था। अब वर्तमान ठेकेदार द्वारा उसी पुरानी ग्रेवल सड़क के ऊपर बिना किसी नए तकनीकी सुधार के, केवल कागजी खानापूर्ति और लीपापोती करके प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत नया निर्माण दर्शाया जा रहा है।

चौड़ाई और ऊंचाई में भी तकनीकी खामियां 

मौके पर स्थिति यह है कि सड़क की चौड़ाई मानकों के अनुरूप बेहद कम रखी गई है और अर्थवर्क की ऊंचाई भी तकनीकी मापदंडों के हिसाब से नहीं कराई गई है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में साइड चौड़ीकरण और पानी निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य भी गायब है, जो बड़ी विभागीय लापरवाही की ओर इशारा करता है। ग्रामीणों ने जनपद अध्यक्ष के माध्यम से जिला प्रशासन और मंडला कलेक्टर से मांग की है कि निर्माण स्थल की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, जिससे शासन के बजट का सही उपयोग हो सके और बैगा आदिवासियों व ग्रामीणों को एक मजबूत और टिकाऊ सड़क मिल सके।


Leave a Comment