एनएच-30 पर बड़ा हादसा
बीजाडांडी के पास मोइयानाला में पलटी तीर्थयात्रियों से भरी बस, 26 श्रद्धालु घायल
- छत्तीसगढ़ के दुर्ग से वृंदावन जा रही थी बस
- 13 गंभीर घायल जबलपुर रेफर, पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ तीर्थयात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार 26 यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में 13 तीर्थ यात्री गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया गया। शेष 13 घायलों का उपचार बीजाडांडी सीएचसी में किया जा रहा है। बताया गया कि बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे, जो छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश के वृंदावन धाम दर्शन के लिए जा रहे थे।

सुबह तड़के हुआ हादसा, मोइयानाला के पास मची चीख-पुकार
जानकारी अनुसार यह सड़क हादसा शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे मोइयानाला के समीप घटित हुआ। जब चलती बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। निवास एसडीओपी और बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुडापे भी बल सहित घटनास्थल पर मुस्तैद रहे।

13 गंभीर घायल जबलपुर रेफर, मंदिर में की गई रुकने की व्यवस्था
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सको द्वारा उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। थाना प्रभारी अनिता कुडापे ने बताया कि घायलों में से 13 यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं शेष सामान्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्यक केन्द्र में ही जारी है। दुर्घटना से सुरक्षित बचे अन्य सभी यात्रियों को बीजाडांडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में ठहराया गया है, जहां स्थानीय प्रशासन और समिति द्वारा उनके भोजन व जलपान की समुचित व्यवस्था की गई है।
ये तीर्थ यात्री हुए जबलपुर रैफर
हादसे में 13 गंभीर घायलों को जबलपुर मेडिकल रेफर किया गया। जिसमें दुलारीबाई साहू 73 वर्ष पति उदय प्रसाद, निवासी रसनारा, दुर्ग, केश्वरी साहू 42 वर्ष पिता लोकेश साहू, निवासी दुर्ग, डोहर साहू 70 वर्ष, पिता मंशाराम, निवासी धनौरा, दुर्ग, पूजा मारकड़े 25 वर्ष, पिता रामलाल, निवासी पलारी, दुर्ग, पुष्पलता साहू 40 वर्ष, पति पूसालाल, निवासी चरआमा, कांकेर, चन्द्रकली साहू 33 वर्ष, पति देवराज साहू, निवासी दुर्ग, हेनी साहू 60 वर्ष, पति रामनाथ, निवासी दुर्ग, तनु यादव 34 वर्ष, पति मोहन यादव, निवासी बघेरा, दुर्ग, किरण साहू 46 वर्ष, पति हरि साहू, निवासी गातापार, दुर्ग, योगेश्वरी साहू 35 वर्ष, पति बालाराम, निवासी दुर्ग, लोकेश्वरी 28 वर्ष, पिता शिवकुमार, निवासी सजा, बेमेतरा, वंदना बेस 46 वर्ष, पति पुष्पराज, निवासी बघेरा, दुर्ग, शीला साहू 60 वर्ष, पति चिताराम, निवासी भिलाई शामिल है।
सीएचसी बीजाडांडी में चल रहा इनका उपचार
सड़क हादसे में घायल तीर्थ यात्रियों में 13 लोगों और घायल हुए है। जिनका उपचार सीएचसी बीजाडांडी में ही किया जा रहा है। इन घायलों को गंभीर चोटे नहीं आई है। घायलों में अखिलेश उपाध्याय 42 वर्ष, पिता शीतला प्रसाद, निवासी भिलाई, देवती साहू 60 वर्ष, पति देवचरण, निवासी जांजगीर, भव्या साहू 09 वर्ष, पिता दलसिंह, निवासी जांजगीर, यामिनी साहू 37 वर्ष, पति राजेन्द्र, निवासी जांजगीर, त्रिवेणी साहू 43 वर्ष, पति शिवकुमार, निवासी पिपररोडी, प्रवीण कुमार साहू 34 वर्ष, पिता मोहनलाल साहू, निवासी देवरी, मोहन यादव 24 वर्ष, पिता राधे यादव, निवासी बघेरा, दुर्ग, तुसार साहू 23 वर्ष, पिता मूसालाल, निवासी चारआमा, दुर्ग, दुर्गेश टंडन 28 वर्ष, पिता पुरुषोत्तम, निवासी दुर्ग, सुची बेस 16 वर्ष पिता पुष्पराज, निवासी बघेरा, दुर्ग, आदित्य साहू 18 वर्ष, पिता गुलाब साहू, निवासी दुर्ग, यथार्थ साहू 17 वर्ष, पिता लोकेश साहू, निवासी दुर्ग, दशरथ साहू 68 वर्ष, पिता छत्तर साहू, निवासी दुर्ग शामिल है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
बीजाडांडी पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के असली कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि अलसुबह चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देने की वजह से यह हादसा हुआ। बहरहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









