ई-गवर्नेंस में मध्यप्रदेश का राष्ट्रीय स्तर पर डंका
‘ई-नगर पालिका’ को स्वर्ण और ‘त्रिनेत्र प्रणाली’ को मिला रजत पुरस्कार
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दी प्रदेशवासियों को बधाई
- “पुरस्कार मिलना जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण”-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार-2026 के अंतर्गत मध्यप्रदेश को दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिलीं ये दोनों उपलब्धियां ई-गवर्नेंस, नवाचार और आधुनिक तकनीक आधारित जनसेवा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश शासन की आम जनता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण हैं।
सायबर सुरक्षा में ‘गोल्ड’ और महाकाल की निगरानी में मिला ‘सिल्वर’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश को यह सम्मान दो अलग-अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला है। इसमें शहरी विकास एवं आवास विभाग की ‘ई-नगर पालिका’ परियोजना में सुदृढ़ सायबर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ‘स्वर्ण पुरस्कार’ (गोल्ड मेडल) की घोषणा की गई है। वहीं दूसरी ओर, उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर सहित महाकाल रुद्रसागर एकीकृत विकास क्षेत्र में स्थापित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित अत्याधुनिक वीडियो निगरानी प्रणाली ‘त्रिनेत्र’ के लिए ‘रजत पुरस्कार’ (सिल्वर मेडल) प्रदान किया गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत को सराहा
मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष हर्ष व्यक्त किया कि राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार के अंतर्गत एक साथ दो-दो पुरस्कार प्राप्त होना पूरे प्रदेश के लिए बेहद गौरव का विषय है। उन्होंने इन दोनों परियोजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक उतारने और तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को पारदर्शी व सुरक्षित बनाने में योगदान देने वाले सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को सराहा तथा उन्हें इस सफलता का पात्र बताया।









