बिछिया के कोको डामर प्लांट के पास भीषण सड़क हादसा
अंत्येष्टि में जा रहे बुजुर्ग की बाइक भिड़ंत में मौत, पत्नी घायल
- कांग्रेस नेता कोविंद ठाकुर के दादा थे मृतक मनमोहन सिंह
- अस्पताल पहुंचे विधायक नारायण सिंह पट्टा, मुगदरा में हुआ अंतिम संस्कार
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले घुटास मार्ग पर गुरुवार की सुबह दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मृतक की पत्नी और दूसरी बाइक पर सवार युवक सहित तीन लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना घुटास मार्ग पर ग्राम कोको स्थित डामर प्लांट के पास घटित हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार ग्राम मुगदरा निवासी मनमोहन सिंह ठाकुर 60 वर्ष अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घुटास क्षेत्र में आयोजित एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जैसे ही वे कोको प्लांट टैंक के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनमोहन सिंह ठाकुर के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान हो गए।
अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद निर्माण स्थल और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मनमोहन सिंह को तत्काल बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। वहीं बिछिया थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार दूसरी मोटरसाइकिल पर बालाघाट जिले का एक युवक सवार था, जो घुटास से बिछिया की ओर आ रहा था। टक्कर में वह भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार बिछिया अस्पताल में जारी है।
विधायक ने बंधाया ढाँढस, हुआ अंतिम संस्कार
दिवंगत मनमोहन सिंह ठाकुर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष कोविंद सिंह ठाकुर के सगे दादा थे। जैसे ही इस दुखद हादसे की खबर क्षेत्र में फैली, परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पट्टा तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार और कांग्रेस नेता कोविंद ठाकुर से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में ढाँढस बंधाया। गुरुवार की शाम को मृतक का शव गृह ग्राम मुगदरा लाया गया, जहाँ मुगदरा मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️









