स्वस्थ हृदय और मस्तिष्क के लिए साइक्लिंग से बेहतर कोई व्यायाम नहीं- कलेक्टर

स्वस्थ हृदय और मस्तिष्क के लिए साइक्लिंग से बेहतर कोई व्यायाम नहीं- कलेक्टर

मंडला में विश्व साइकिल दिवस पर उमड़ा उत्साह

  • अस्मिता लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता में 80 महिला खिलाडिय़ों ने दिखाया दम
  • पूजा, अमिता और मुस्कान ने मारी बाजी

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश एमेच्योर साइक्लिंग एसोसिएशन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग मंडला के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पुलिस लाइन मैदान में अस्मिता लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता एवं विश्व साइकिल दिवस का आयोजन प्रात: 7 बजे आयोजित किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों सहित भारी संख्या में खेल प्रेमियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीणा, सहायक कलेक्टर शैलेंद्र चौधरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा उपस्थित रहे।इस अवसर पर खिलाडिय़ों और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने साइक्लिंग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानव शरीर के लिए साइक्लिंग से बेहतर कोई दूसरा व्यायाम नहीं है। यदि कोई व्यक्ति अपने शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना चाहता है और अपने हृदय व मस्तिष्क को हमेशा स्वस्थ रखना चाहता है, तो उसे अपनी दिनचर्या में नियमित रूप से साइकिल चलाने की आदत को शामिल करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित युवाओं को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

अस्मिता लीग में महिला खिलाडिय़ों ने दिखाई प्रतिभा 

कार्यक्रम के प्रथम चरण में अस्मिता लीग साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की लगभग 80 महिला खिलाडिय़ों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। तीन अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा में अंडर-17 आयु वर्ग में पूजा मरावी ने प्रथम, गरिमा उइके ने द्वितीय और दिव्यश्री वर्मन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 आयु वर्ग में अमिता यादव ने प्रथम, विनीता उइके ने द्वितीय और रेवांशी विश्वकर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मुस्कान ठाकुर पहले, शिवी तेकाम दूसरे और फातिमा बी तीसरे स्थान पर रहीं।

विशाल रैली से दिया पर्यावरण और फिटनेस का संदेश 

प्रतियोगिता के समापन के बाद विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल साइकिल रैली निकाली गई, जिसे जिला प्रशासन के सहयोग से एक उत्सव के रूप में मनाया गया। इस रैली में लगभग 200 खिलाडिय़ों और साइक्लिंग प्रेमियों ने हिस्सा लेकर शहरवासियों को उत्तम स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा फिटनेस का अनमोल संदेश दिया।

सहयोगी संस्थाओं का मिला विशेष योगदान 

इस सफल आयोजन में मंडला साइकिल क्लब, डेली डॉट व क्रीड़ा भारती का विशेष सहयोग रहा। मंडला साइकिल क्लब के सदस्य विशेष खेल पोशाक में शामिल हुए, जो रैली के दौरान मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। यह संपूर्ण आयोजन जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकास खराडकर के कुशल मार्गदर्शन, अस्मिता लीग प्रभारी डॉ. आकाश खत्री और ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समस्त प्रशिक्षकों के अथक सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Leave a Comment