घुघरी में प्रशासन का एक्शन
बस स्टैंड परिसर से हटाया बरसों पुराना अतिक्रमण, मंचा हड़कंप
- एसडीएम सचिन जैन के निर्देशन में मुक्त हुआ घुघरी बस स्टैंड
- दोबारा कब्जा करने पर सीधे सामान ज़ब्ती की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय बस स्टैंड परिसर में लंबे समय से व्याप्त अतिक्रमण की गंभीर समस्या पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल ही गया। बस स्टैंड और मुख्य मार्ग पर अवैध कब्जों के कारण दिनों-दिन यातायात व्यवस्था चरमरा रही थी, जिससे राहगीरों के साथ-साथ बसों के आवागमन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (SDM) सचिन जैन के निर्देशन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया।
JCB की मदद से ढहाए गए अवैध निर्माण, दुकानदारों में मची खलबली
बुधवार को प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल और JCB मशीन के साथ अचानक घुघरी बस स्टैंड पहुंचा, जिससे अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर अवैध रूप से सड़क तक फैलाए गए टिन शेड, पक्के ओटले और तिरपालों को उखाड़ फेंका गया। इसके साथ ही बस स्टैंड के भीतर डिवाइडर के आसपास पैर पसार चुकीं अवैध दुकानों, गुमटियों और ठेलों को पूरी तरह से हटा दिया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से हुई कार्रवाई
अतिक्रमण विरोधी इस बड़ी मुहिम के दौरान मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरी तरह मुस्तैद रहे, जिसके चलते यह बड़ी कार्रवाई बिना किसी बड़े विरोध के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस दौरान मुख्य रूप से अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
- प्रशासनिक व पुलिस टीम: तहसीलदार सी.के. बट्टे, थाना प्रभारी पूजा बघेल, राजस्व निरीक्षक बलराम भगत, पटवारी आशीष रंगारी, और उप निरीक्षक रामकिशोर माथरे।
- पंचायत प्रतिनिधि: ग्राम पंचायत सरपंच यशोदा मरावी, उपसरपंच दुर्गेश चौकसे, और सचिव शिवकुमार बैरागी। इसके साथ ही समस्त कोटवार, राजस्व अमले और पुलिस बल के जवानों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में मुस्तैदी से अपनी भूमिका निभाई।
दोबारा कब्जा करने पर सामान ज़ब्ती और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
कार्रवाई के समापन पर प्रशासन ने मौके पर ही सभी दुकानदारों, व्यापारियों और ठेला चालकों को सख्त लहजे में हिदायत दी है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि यदि भविष्य में दोबारा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण किया गया या सड़क पर सामान फैलाया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे सामान ज़ब्ती की सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक मामला दर्ज किया जाएगा।
इस बड़ी मुहिम के बाद बरसों से संकीर्ण और जाम से जूझने वाला घुघरी बस स्टैंड अब काफी साफ, सुंदर और खुला-खुला नजर आ रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों, राहगीरों और बस चालकों ने राहत की सांस ली है।










