श्रीमद् भागवत महापुराण में गूंजा भक्ति, ज्ञान का संदेश
सुबह हुआ भव्य रुद्राभिषेक, राजीव कॉलोनी झंडा चौक में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
- पंडित कुलदीप महाराज ने सुनाया धुंधकारी प्रसंग
- प्रतिदिन होगा भगवान शिव का अभिषेक
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम पंचायत देवदरा अंतर्गत झंडा चौक, राजीव कॉलोनी में इन दिनों पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। स्थानीय धर्मप्रेमियों और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल के विशेष सहयोग से यहाँ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हो गया है। इस पावन कथा के पुराण वाचक देवगाँव वाले सुप्रसिद्ध पंडित कुलदीप महाराज हैं, जिनके मुखारविंद से क्षेत्रवासियों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य और अलौकिक लीलाओं का वर्णन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान आगामी 7 जून तक निरंतर जारी रहेगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन पुराण वाचक पंडित कुलदीप महाराज ने व्यासपीठ से उपस्थित श्रोताओं को भागवत महापुराण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने मानव जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य की उपयोगिता का विस्तार से वर्णन किया। महाराज श्री ने कहा कि भागवत कथा केवल श्रवण करने के लिए नहीं, बल्कि इसके सिद्धांतों को जीवन में उतारने के लिए है। कथा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने आत्मदेव के पुत्रों गोकरण और धुंधकारी के सुप्रसिद्ध प्रसंग को विस्तार से सुनाया। उन्होंने बताया कि कैसे कुसंगति के कारण धुंधकारी महापाप का भागी बना और बाद में गोकरण जी के प्रयासों और श्रीमद् भागवत कथा के श्रवण से उसे प्रेत योनि से मुक्ति मिली। इस मर्मस्पर्शी प्रसंग को सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
सुबह हुआ भव्य रुद्राभिषेक, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कथा के साथ यहाँ अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए जा रहे हैं। मंगलवार की सुबह कथा स्थल पर विधि-विधान और वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। भगवान शिव के इस विशेष अभिषेक में क्षेत्र की बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और ओम नम: शिवाय के जयकारों से पूरा राजीव कॉलोनी क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति की महिला मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह के समय भगवान भोलेनाथ का पावन रुद्राभिषेक आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत दोपहर से प्रभु की अमृतमयी कथा की अविरल धारा बहेगी।
धर्म लाभ लेने की अपील
आयोजन समिति, महिला मंडल और क्षेत्रवासियों ने मंडला जिले के समस्त धर्मप्रेमियों, श्रद्धालुओं और माताओं-बहनों से करबद्ध अपील की है कि वे प्रतिदिन समय पर सपरिवार कथा पंडाल में उपस्थित होकर इस अलौकिक कथा श्रवण और दिव्य अभिषेक का पुण्य लाभ अर्जित करें।









