भागवत कथा का भव्य शंखनाद, निकली कलश यात्रा
भजनों पर थिरके श्रद्धालु और पूज्य महाराज
- राजीव कॉलोनी झंडा चौक में गूंजे माँ नर्मदा और श्रीकृष्ण के जयकारे
- सात दिवसीय भागवत ज्ञान यज्ञ शुरू, महिला मंडल ने की धर्मलाभ लेने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम पंचायत देवदरा अंतर्गत झंडा चौक राजीव कॉलोनी में सोमवार से एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का शंखनाद हो गया है। स्थानीय श्रद्धालुओं और सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति के विशेष सहयोग से यहाँ सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 1 जून से 7 जून तक किया जा रहा है। इस पावन कथा के पुराण वाचक देवगाँव के सुप्रसिद्ध पंडित कुलदीप महाराज हैं, जिनके मुखारविंद से आगामी सात दिनों तक क्षेत्रवासियों को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य और अलौकिक लीलाओं का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
आयोजन समिति की महिला मंडल ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस धार्मिक उत्सव की शुरुआत 1 जून को बेहद भव्य, गरिमामयी और आकर्षक कलश यात्रा के साथ हुई। कथा स्थल से गाजे-बाजे और ढोल-धमाकों के साथ कलश यात्रा प्रारंभ की गई। पारंपरिक परिधानों में सजी महिला श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश धारण कर बैंड-बाजे की मधुर धुनों पर नाचते-झूमते हुए माँ नर्मदा के पावन तट गऊ घाट पहुंचीं। गऊ घाट पर पुराण वाचक पंडित कुलदीप महाराज द्वारा पूर्ण विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पवित्र नर्मदा जी का पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। इसके बाद वैदिक रीति से कलशों में नर्मदा जल भरा गया। इस दौरान पूरा घाट क्षेत्र माँ नर्मदा और भगवान श्री कृष्ण के गगनभेदी जयकारों से गूंजायमान हो उठा।
भक्तों के साथ थिरके पुराण वाचक
कलश यात्रा का दृश्य अत्यंत मनोहारी और भक्तिमय था। श्रद्धा का ज्वार ऐसा उमड़ा कि पुराण वाचक पंडित कुलदीप महाराज भी अपने आप को भक्तों के थिरकते कदमों और भक्ति भाव के आगे रोक नहीं पाए। वे स्वयं व्यास पीठ की मर्यादा के साथ भक्तों का उत्साह बढ़ाने के लिए कलश यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ नृत्य किया। महाराज श्री को अपने बीच पाकर भक्तों का उत्साह दोगुना हो गया और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के नारों से पूरा देवदरा क्षेत्र गुंजित हो उठा। इसके बाद कलश यात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कथा पंडाल पहुंची, जहाँ कलशों को स्थापित किया गया।

सात दिनों तक चलेंगे विभिन्न दिव्य प्रसंग
आयोजन समिति ने बताया कि सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ के दौरान प्रतिदिन भगवान के विभिन्न अवतारों और चरित्रों की कथा सुनाई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भगवान श्री कृष्ण का भव्य जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रभु की मनमोहक बाललीलाएं और छप्पन भोग के साथ गोवर्धन पूजा का आयोजन होगा। इसके साथ ही श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह का प्रसंग जीवंत झांकियों के साथ मनाया जाएगा। पुराण के अंतिम दिवस हवन-पूजन, कन्या भोज और दोपहर से विशाल भंडारे के साथ इस भव्य ज्ञान यज्ञ की पूर्णाहूति की जाएगी।
सपरिवार धर्म लाभ लेने की अपील
सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति झंडा चौक, राजीव कॉलोनी की महिला मंडल एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने जिले के सभी धर्मप्रेमियों, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं से करबद्ध प्रार्थना की है कि वे प्रतिदिन कथा पंडाल में सपरिवार उपस्थित होकर इस अमृतमयी भागवत कथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें। आयोजन को लेकर समिति द्वारा वॉटर प्रूफ पंडाल, शीतल जल और बैठने की उत्तम व्यवस्था सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।









