मां नर्मदा में स्नान करने आया सिवनी का श्रद्धालु गहरे पानी में डूबा, मौत

मां नर्मदा में स्नान करने आया सिवनी का श्रद्धालु गहरे पानी में डूबा, मौत

नर्मदा दर्शन की खुशियां मातम में बदलीं

  • नहाते समय गहरे पानी में समाया युवक
  • कोतवाली पुलिस जांच में जुटी

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत मां नर्मदा नदी में स्नान करने आए एक श्रद्धालु की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान सुरेंद्र सिंह मर्सकोले के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पड़ोसी जिले सिवनी का निवासी था। इस दुखद हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह सिवनी से मंडला पावन नगरी मां नर्मदा के दर्शन और पवित्र स्नान के लिए आया था। नर्मदा घाट पर नहाने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया या वह गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और धीरे-धीरे गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव और अत्यधिक गहराई होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और पानी में डूब गया। घाट पर मौजूद अन्य लोगों जब तक कुछ समझ पाते, युवक आंखों से ओझल हो चुका था।

कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की खबर लगते ही घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक के शव को पानी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया।पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय मंडला भेज दिया गया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही सिवनी में रह रहे मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।


Leave a Comment