करोड़ों की गाड़ा देवरी से बरबटी और पथर्री सड़क मार्ग तीन साल बाद भी अधूरी
जनपद अध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर देखी बदहाली
- अपूर्ण सड़क निर्माण से ग्रामीण परेशान
- दोपहिया वाहन चालक हो रहे दुर्घटना का शिकार
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के अंतर्गत गाड़ा देवरी से बरबटी और पथर्री पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य आज दिनांक तक अधूरी स्थिति में पड़ा हुआ है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत हुई इस करोड़ों रुपये की लागत वाली सड़क का अर्थवर्क भी अब तक पूरा नहीं किया जा सका है। निर्माण एजेंसी की इस कछुआ गति और घोर लापरवाही के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि ग्रामीणों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नारायणगंज जनपद पंचायत के अध्यक्ष आसाराम भारतीया ने स्वयं गाड़ा देवरी से बरबटी और पथर्री मार्ग का मैदानी निरीक्षण किया। मौके पर जाकर उन्होंने देखा कि सड़क का कार्य पूरी तरह से अपूर्ण है। ठेकेदार द्वारा केवल गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। नियमों के अनुसार सड़क पर गिट्टी डालने के बाद मुर्रम और डस्ट डालकर पानी की सिंचाई के साथ रोलर से उसे अच्छी तरह दबाया जाना था लेकिन निर्माण स्थल पर ऐसा कोई भी तकनीकी कार्य नहीं किया गया है, जिससे पूरी सड़क ऊबड़-खाबड़ और खतरनाक हो गई है।
दुपहिया वाहन चालक हो रहे हादसों का शिकार
स्थानीय ग्रामीण जनों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि यहाँ से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालक संतुलन बिगडऩे के कारण आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। विशेषकर रात के समय इस मार्ग पर चलना किसी बड़े खतरे को आमंत्रण देने जैसा है। आगामी मानसून सत्र के शुरू होने से पहले यदि सड़क को ठीक नहीं किया गया, तो यह मार्ग पूरी तरह बंद होने की कगार पर पहुंच जाएगा।
लापरवाह ठेकेदार और आरईएस विभाग पर कार्रवाई की मांग
जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीया और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिले के कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अपूर्ण सड़क निर्माण कार्य की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। गाड़ा देवरी से बरबटी और पथर्री सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, जिससे ग्रामीण जनों का आवागमन सुचारू हो सके। शासकीय राशि का समय पर उपयोग न करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के संबंधित गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित और दंडात्मक कार्रवाई की जावे।









