दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद रेत से भरा हाइवा पलटा

बीजाडांडी क्षेत्र में थम नहीं रहे हाईवे पर हादसे

बीती रात दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद खाई में घुसा ट्राला, सुबह रेत से भरा हाइवा पलटा

  • उदयपुर के पास दो भीषण सड़क दुर्घटनाएं
  • रोड पर बिखरीं कीमती दवाइयां, पेड़ उखाड़ते हुए खाई में गिरा अनियंत्रित ट्राला

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीजाडांडी थाना अंतर्गत उदयपुर ग्राम के समीप बीती रात और शनिवार सुबह दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में गाडिय़ां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन गनीमत यह रही कि किसी भी हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। बीजाडांडी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया।जानकारी अनुसार पहली दुर्घटना रात करीब 11 बजे उदयपुर के जियो पेट्रोल पंप के आगे मोड और फक्कड़ बाबा कुटी के समीप हुई। जहां रायगढ़ से गुजरात की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्राला क्रमांक जीजे 06 जीई 408 ने सामने से आ रहे दवाइयों से लदे ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 70777 को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि रायपुर से दिल्ली जा रहे ट्रक के साइड और पीछे का हिस्सा पूरी तरह चरमरा गया और उसमें भरीं कीमती दवाइयां पूरी सड़क पर बिखर गईं। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित और अत्यधिक रफ्तार में चल रहा ट्राला सड़क किनारे लगे सागौन के दो बड़े पेड़ों को उखाड़ते हुए सड़क के नीचे करीब 5 फीट गहरी खाई में जा घुसा। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालकों और परिचालकों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से सड़क पर बिखरी दवाइयों को सुरक्षित एकत्र किया गया।

समनापुर तिराहे के पास पलटा रेत से भरा हाइवा 

बताया गया कि दूसरी दुर्घटना शनिवार सुबह उदयपुर-समनापुर तिराहे के आगे मोड़ पर हुई। जहां मंडला की तरफ से आ रहे रेत से लदे एक बेलगाम हाइवा क्रमांक एमपी 20 जेडएन 7284 ने सुबह के समय ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान चालक को नींद का झोंका आ गया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाया, हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गया। हाइवा पलटने के बाद उसमें सवार दोनों चालक अंदर ही फंस गए थे, जिनमें से एक केबिन में सो रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने हाइवा का कांच तोड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में भी दोनों को मामूली चोटें आईं और वे बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने संभाला मोर्चा 

घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्रेन और अन्य साधनों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को व्यवस्थित कराया जिससे हाईवे पर यातायात बाधित न हो। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


Leave a Comment