महिष्मती घाट पर गूंजेगी प्रभु राम की महिमा

मलमासे कृता पूजा, कोटि-गुणा फलप्रदा

महिष्मती घाट पर गूंजेगी प्रभु राम की महिमा

  • पुरुषोत्तम मास में 3 जून से सात दिवसीय अखंड रामधुन का भव्य आयोजन
  • नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट द्वारा मां नर्मदा के तट पर अखंड रामधुन का दिव्य संकल्प

मंडला महावीर न्यूज 29.  सनातन धर्म में अत्यधिक पावन माने जाने वाले पुरुषोत्तम अधिमास (मलमास) के शुभ अवसर पर मंडला के सुप्रसिद्ध महिष्मती घाट पर एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा है। “मलमासे कृता पूजा, कोटि-गुणा फलप्रदा” अर्थात मलमास में की गई पूजा करोड़ों गुना फल प्रदान करती है, इसी पावन भावना के साथ ‘नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट, महिष्मती घाट, मंडला’ द्वारा सात दिवसीय अखंड रामधुन का आयोजन किया जा रहा है।

इस वृहद धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुरुषोत्तम मास के पावन दिनों में पतित पावनी मां नर्मदा को निरंतर रामधुन सुनाना है।

श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन श्री त्यागी जी महाराज (पट्टी वाले)

3 जून से होगा शुभारंभ, 10 जून को समापन

ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार, इस सात दिवसीय अखंड रामधुन का विधि-विधान से शुभारंभ आगामी 3 जून 2026, बुधवार को दोपहर 12:00 बजे से होगा। इसके बाद महिष्मती घाट का संपूर्ण परिसर अनवरत रूप से प्रभु श्री राम के जयकारों और मधुर संकीर्तन से गुंजायमान रहेगा। इस अखंड भजन संकीर्तन का समापन अगले सप्ताह दिनांक 10 जून 2026, बुधवार को पूर्णाहूति और महाप्रसाद के साथ संपन्न होगा।

संतों का मार्गदर्शन और संकल्प

इस भव्य आयोजन के मुख्य प्रेरणा स्रोत श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन श्री त्यागी जी महाराज (पट्टी वाले) हैं। उन्हीं के आशीर्वाद और धार्मिक सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए, श्री त्यागी जी आश्रम अंजनिया के पूज्य संत श्री रामेश्वर दास महाराज जी ने इस सात दिवसीय अखंड रामधुन का पावन संकल्प लिया है। श्री रामेश्वर दास महाराज जी के सान्निध्य में अंजनिया की सुप्रसिद्ध राम मंडली द्वारा लगातार सात दिनों तक सुर-ताल के साथ अखंड रामधुन की प्रस्तुति दी जाएगी।

श्री रामेश्वर दास महाराज

धर्मप्रेमियों को सपरिवार सादर आमंत्रण

आयोजक समिति ‘नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट’ और संकल्पकर्ता श्री रामेश्वर दास महाराज ने मंडला जिले सहित आसपास के सभी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अलौकिक और आध्यात्मिक उत्सव में सपरिवार सम्मिलित हों। मां नर्मदा के पावन तट पर आयोजित होने वाली इस रामधुन में उपस्थित होकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करें और अपने जीवन को धन्य बनाएं। स्थानीय स्तर पर आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


Leave a Comment