शाजापुर दौरा: शुजालपुर में किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी की ‘मन की बात’ सुनेंगे सीएम डॉ. मोहन यादव
31 मई को शुजालपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मन की बात के 134वें संस्करण में होंगे शामिल
- अन्नदाताओं से करेंगे सीधा संवाद
भोपाल/मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल, 31 मई को शाजापुर जिले के शुजालपुर क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। सीएम डॉ. यादव शुजालपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज के बूथ क्रमांक 258 पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुप्रसिद्ध मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का सजीव प्रसारण सुनेंगे।
प्रधानमंत्री का यह विशेष प्रसारण 31 मई को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
अन्नदाताओं से करेंगे सीधा संवाद
‘मन की बात’ कार्यक्रम के समापन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुजालपुर में ही स्थानीय किसानों और ग्रामीण जनों से सीधा संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि और किसानों के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री क्षेत्र में आयोजित होने वाले अन्य विकास कार्यों और सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शाजापुर जिला प्रशासन और स्थानीय अमले द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।









