मारुति कार से तस्करी, 44 हजार की अवैध शराब जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार
- मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हर्राटिकुर में दी दबिश
- कार सहित कुल 4.44 लाख का मशरूका जप्त, दो फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओपी निवास पी.एस. वालरे के मार्गदर्शन में थाना मोहगांव पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध शराब के परिवहन का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और मौके से भारी मात्रा में मदिरा व एक कार जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर के माध्यम से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम हर्राटिकुर निवासी राजेश यादव के घर के पास खड़ी एक मारुति सुजुकी कार क्रमांक सीजी 09-2301 में भारी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मोहगांव पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर वाहन के पास खड़े दो व्यक्ति खेतों की ओर भागने लगे। मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने पीछा करके एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा आरोपी खेतों और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
कार से बरामद हुई भारी मात्रा में शराब
पुलिस द्वारा मौके पर जप्त मारुति कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान वाहन से कुल 64.2 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी प्लेन मदिरा जप्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 44,060 रुपये आंकी गई है।
मामले में तीन आरोपी नामजद, एक गिरफ्तार
शराब तस्करी के इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों में राकेश कुमार झारिया पिता प्रेमकुमार झारिया, 35 वर्ष, निवासी देवगांव को गिरफ्तार किया गया है। वहीं राजेश यादव पिता अमरसिंह यादव, निवासी हर्राटिकुर फरार है और दीपक शराब दुकान नारायणगंज, थाना टिकरिया का संलिप्तता मिली है।
कार सहित लाखों का मशरूका जप्त
अवैध शराब परिवहन का मामला पाए जाने पर पुलिस ने 44,060 कीमत की शराब और तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी कार अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रूपए को विधिवत जप्त कर लिया है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 4,44,060 रुपये का मशरूका अपने कब्जे में लिया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना मोहगांव में आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में इस टीम की रही विशेष भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहगांव निरीक्षक वेदराम हनोते के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बंदना शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक चन्द्रकुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक शिवा पटैल, आरक्षक नवीन उइके, आरक्षक हेमन्त मरावी, आरक्षक पूनाराम सल्लाम, चालक आरक्षक रेवा मरावी, एसएसयू संदीप पट्टा एवं सैनिक रघुनाथ मरावी की सराहनीय भूमिका रही।









