माहिष्मती घाट पर श्रद्धा का सैलाब
सिंधी समाज मंडला ने संपन्न कराई मां नर्मदा की भव्य पंचचौकी महाआरती
- दीपों की झिलमिलाहट से आलोकित हुआ नर्मदा जल
- सिंधी समाज के संयोजन में महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल
मंडला महावीर न्यूज 29. पवित्र पावन पुण्य सलिला मां नर्मदा के माहिष्मती घाट पर शुक्रवार को संध्याकालीन पंचचौकी महाआरती का भव्य आयोजन सिंधी समाज मंडला के द्वारा संपन्न कराया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार, हर माह की 29 तारीख को सिंधी समाज को इस महाआरती के संयोजन का सौभाग्य प्राप्त होता है। इस अवसर पर घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जिससे पूरा क्षेत्र मां नर्मदा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा।
पांच चौकियों पर हुआ महाआरती का आयोजन
घाट पर गरिमामय तरीके से सजी पांच विशेष चौकियों— अमृता चौकी, रेवा चौकी, नर्मदा चौकी, शांकरी चौकी और मेकलसुता चौकी पर विद्वानों की उपस्थिति में महाआरती उतारी गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के आंचल में आस्था के दीप प्रवाहित किए, जिससे नदी का जल दीपों की झिलमिलाहट से पूरी तरह आलोकित हो उठा। महाआरती के दौरान “नर्मदाष्टक”, “त्वदीय पाद पंकजम्”, “नमामि देवी नर्मदे” के सस्वर पाठ और “ॐ जय जगदीश हरे” की आरती ने उपस्थित जनसमुदाय को भाव-विभोर कर दिया।

श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम
इस पुनीत अवसर को लेकर सिंधी समाज सहित नगर के सभी वर्गों में भारी उत्साह और उल्लास देखा गया। बड़ी संख्या में पहुंचे प्रबुद्ध नागरिकों और मातृशक्ति ने इस आयोजन को श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनूठा संगम बताया। आयोजन समिति द्वारा आरती के मुख्य अनुष्ठान के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह पंचचौकी महाआरती न केवल एक धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह श्रद्धालुओं के लिए जीवनदायिनी मां नर्मदा के प्रति अपनी कृतज्ञता और अनन्य भक्ति व्यक्त करने का एक पवित्र माध्यम बन चुका है।









