नौतपा के चौथे दिन 45 डिग्री पहुंचा पारा
अंगारे उगलती धूप और लू के थपेड़ों से सड़कों पर पसरा सन्नाटा
- भीषण गर्मी की चपेट में मंडला, नौतपा में लगातार बढ़ रही तपन
- चौथे दिन न्यूनतम तापमान में भी आया 1.4 डिग्री का भारी उछाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में इन दिनों सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है। नौतपा के चौथे दिन गुरुवार 28 मई को जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही आसमान से अंगारे उगलती धूप और दोपहर में चल रहे गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि दोपहर होते ही शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है और लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
जानकारी अनुसार मौसम विभाग से मिली अनुसार नौतपा के इन चार दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है, जिसने उमस और तपन को और अधिक बढ़ा दिया है। 25 मई को नौतपा के आगाज के साथ ही पहले दिन न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम पारा 45.5 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। 26 मई नौतपा के दूसरे दिन अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। इस दिन न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस रहा। पहले दिन की अपेक्षा पारा भले ही एक डिग्री लुढ़का, लेकिन तपन से कोई राहत नहीं मिली।
बताया गया कि 27 मई तीसरे दिन मौसम में फिर बदलाव देखा गया। इस दिन न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, लेकिन अधिकतम तापमान में फिर 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं नौतपा के चौथे दिन 28 मई गुरूवार को गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाए। गुरूवार को न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री का बड़ा उछाल दर्ज किया गया, जिससे यह 27.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान भी 0.4 डिग्री बढ़कर पूरे 45.0 डिग्री सेल्सियस के खौफनाक आंकड़े को छू गया।
आगामी दिनों में और बढ़ सकती है तपिश
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले पांच दिनों में नौतपा का असर और अधिक तीव्र हो सकता है। हवाओं की दिशा और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते रात और दिन के तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। चिकित्सको ने भी इस भीषण गर्मी और लू को देखते हुए नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, सूती कपड़े पहनने और दोपहर के समय सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी है।










