अंग्रेजी मदिरा के साथ दबोचे गए तस्कर

बम्हनी पुलिस का बड़ा एक्शन

शराब तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में आरोपी गिरफ्तार

  • लाखों का मशरूका और स्कूटी जप्त
  • अवैध शराब के खिलाफ बम्हनी पुलिस की दोहरी स्ट्राइक
  • भारी मात्रा में अंग्रेजी मदिरा के साथ दबोचे गए तस्कर

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंडला जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बम्हनी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी व देशी शराब, दो स्कूटी और मोबाइल जप्त किया है।

पहला मामला: मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, दो आरोपी धरे गए

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मई 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति एक एक्टिवा स्कूटी में अवैध अंग्रेजी शराब रखकर बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना पर बम्हनी पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की। मौके पर पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी

  1. कन्हैया उर्फ रवि सिरसम (पिता तीरथ सिरसम, निवासी अंजनिया, थाना बम्हनी, जिला मंडला)

  2. अंकित कछवाहा (पिता सुरेंद्र कछवाहा, निवासी सुभाष वार्ड, कृषि मंडी के पीछे, मंडला)

इस मामले में एक अन्य आरोपी सोरभ नंदा (निवासी कैकेरा, थाना बम्हनी) की संलिप्तता भी पाई गई है, जिसकी तलाश की जा रही है।

जप्त सामग्री:

आरोपियों के कब्जे से कुल 228 पाव अवैध अंग्रेजी शराब (कीमत ₹84,928) और तस्करी में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी (कीमत ₹80,000) जप्त की गई है।

दूसरा मामला: चित्रराही चंद्रपुरा मार्ग पर स्कूटी सवार से शराब बरामद

इसी क्रम में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की, जब चित्रराही चंद्रपुरा से बम्हनी की ओर आ रहे एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 53.700 लीटर देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी:

  • अमित मसराम (पिता महेश मसराम, निवासी पड़ाव, मंडला)

जप्त सामग्री:

इस कार्रवाई में ₹53,288 कीमत की शराब, एक एक्टिवा स्कूटी (कीमत ₹40,000) और ₹10,000 मूल्य का 01 नग मोबाइल फोन जप्त किया गया। इस प्रकरण में कुल मसरूका ₹1,03,288 आंका गया है।

कुल ₹2.68 लाख से अधिक का मशरूका जप्त

बम्हनी पुलिस ने दोनों आबकारी मामलों को मिलाकर कुल ₹2,68,216 (दो लाख अड़सठ हजार दो सौ सोलह रुपये) का मशरूका जप्त किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।

सराहनीय भूमिका

अवैध शराब के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में बम्हनी थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ का विशेष और सराहनीय योगदान रहा।


Leave a Comment