बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार
9 लाख की 7 कीमती मोटरसाइकिलें जप्त
- बुलेट, यामाहा आर 15 और पल्सर समेत 7 मोटरसाइकिलें बरामद
- डिंडोरी और मंडला के दो शातिर चोर चढ़े कोतवाली पुलिस के हत्थे
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय की कोतवाली थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक संगठित मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरोह के 2 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 07 चोरी की मोटरसाइकिलें जप्त की गई हैं। जप्त किए गए कुल मशरूके की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है।
बताया गया कि पुलिस टीम द्वारा संदेहास्पद स्थिति में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक से बढ़कर एक कीमती और लग्जरी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जप्त किए गए वाहनों में रॉयल एनफील्ड बुलेट, यामाहा आर-15, सुजुकी जिक्सर, बजाज पल्सर, बजाज पल्सर एनएस, होंडा पैशन प्लस और एचएफ डीलक्स शामिल है।
दो आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी के इस संगठित नेटवर्क में शामिल गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हुई है। आरोपियों में कृष्णा सोनी पिता योगेश सोनी, 19 वर्ष, निवासी बिनेका तिराहा, मंडला है। इसके पास से पैशन प्लस बाइक बरामद हुई है। इसके साथ ही अमन नंदा पिता बैसाखी लाल नंदा, 22 वर्ष, निवासी ग्राम पंडरिया, थाना करंजिया, जिला डिंडोरी को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से अन्य चोरी की गाडिय़ां बरामद की गईं।
कठोर धाराओं में मामला दर्ज
कोतवाली पुलिस ने दोनों शातिर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे कुछ और मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है।
कार्रवाई में इस टीम का रहा सराहनीय योगदान
वाहन चोर गिरोह को दबोचने की इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वर वामनकर, तारा जिक्राम, वंदना नाग, प्रधान आरक्षक अशोक मार्को, मोहन कुड़पे, आरक्षक प्रियांश, रमेश, मृदुल, मानसिंह, हनु मार्को, धर्मेन्द्र एवं धीरेंद्र टेकाम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
बाइक चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, 1.40 लाख की अपाचे बरामद
- एक स्थाई वारंटी भी दबोचा
- रेलवे स्टेशन पार्किंग से चोरी हुई मोटरसाइकिल सहित 2 आरोपी धरे गए
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की गई कीमती मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसी के साथ पुलिस ने एक स्थाई वारंटी को भी तामील कराने में सफलता पाई है।
जानकारी अनुसार फरियादी आदिल खान पिता रहीमुद्दीन खान, 37 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05, नैनपुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 08 अप्रैल की शाम से 11 मई के दोपहर के बीच, रेलवे स्टेशन नैनपुर स्थित मोटर साइकिल पार्किंग शेड से अज्ञात चोरों ने उनकी अपाचे मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 28 जेडबी 0225, कीमती लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये की चोरी कर ली है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नैनपुर में बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाए आरोपी, देहवानी रोड से बरामद हुई बाइक
वाहन चोरी की गंभीर घटना को देखते हुए नैनपुर पुलिस ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने आदित्य पटैल और पारस रकसिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई 1.40 लाख की अपाचे बाइक को देहवानी रोड स्थित प्रतीक्षालय के पास से विधिवत जप्त कर लिया। इसके साथ ही आरोपी आदित्य पटैल पिता राजेश पटैल, 21 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 01, नैनपुर और पारस रकसिया पिता देवचंद रकसिया, 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, नैनपुर को गिरफ्तार किया गया है।
ऑपरेशन हेल्प हैंडलिंग के तहत स्थाई वारंटी गिरफ्तार
इसी कड़ी में नैनपुर पुलिस ने ऑपरेशन हेल्प हैंडलिंग के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। माननीय न्यायालय प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय मंडला द्वारा जारी स्थाई वारंट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वारंटी मोहित चंदेला पिता मि_न लाल चंदेला, 28 वर्ष, निवासी ग्राम गोकुलथाना, थाना नैनपुर को नैनपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कामयाबी और त्वरित कार्रवाई में नैनपुर थाना निरीक्षक बलदेव सिंह मुजाल्दा, सउनि जगदीश सैयाम, आरक्षक अक्षय, आरक्षक ओमप्रकाश बघेल, आरक्षक नवीन मारूवंश एवं आरक्षक शैलेन्द्र मरकाम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।










