मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सक्रिय
- बीजाडांडी सीएचसी में संभागीय आयुक्त का औचक निरीक्षण
- व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए सख्त निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर संभाग के संभागीय आयुक्त ने बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में प्रदाय की जा रही चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जनहित में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
जानकारी अनुसार बीजाडांडी सीएचसी का औचक निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने मरीजों के लिए अत्यधिक तापमान को देखते हुए ओपीडी वेटिंग एरिया में तत्काल कूलर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी वार्डों में पीने के पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और मरीजों के परिजनों के बैठने की समुचित जगह उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी के सभी अभिलेखों को व्यवस्थित करने और टीकाकरण कक्ष के बाहर वहां लगाए जा रहे सभी टीकों की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। लैब सेवाओं की जानकारी बाहर प्रदर्शित करने और मरीजों की जांच रिपोर्ट की दैनिक मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जनरल वार्ड में सभी मरीजों के लिए टीपीआर चार्ट का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया है। 
राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा
मरीजों को डाइट चार्ट के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराने तथा संस्था के बाहर पड़े सभी खराब उपकरणों एवं अनुपयोगी सामग्रियों का तत्काल नियमानुसार अपलेखन करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रम गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, टीबी मरीजों की जांच व उपचार, निक्षय मित्र, फूड बास्केट, और सिकलसेल मरीजों की जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने इन सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत खटीक, निहार दीवान आरएमएनसीएच कॉर्डीनेटर, पीएल कोरी जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1, डॉ. सुमित सिंगौर जिला क्षय अधिकारी, डॉ. अजय तोष मरावी विकासखण्ड चिकित्सा अधिकारी, डॉ. दिनेश कुमार गौर चिकित्सा अधिकारी, गौरव साहू डीपीसी, तपन गजभिये बीपीएम. राकेश विश्वकर्मा, कमलेश मरावी, नितिन साहू फार्मासिस्ट, श्रीमति ज्योति यादव, नेहा सोनी, तरूण संत एवं समस्त स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहे।











