नदियों को साफ-स्वच्छ रखना ही उनकी वास्तविक सेवा-संभाग समन्वयक
श्रमदान कर निकाला ढाई क्विंटल कचरा, किया पौधरोपण
- जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कुंभेश्वर घाट पर की गई सफाई
- समीक्षा बैठक आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक और श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नारायणगंज की ग्राम पंचायत कुम्हा के प्रसिद्ध कुंभेश्वर घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में जबलपुर संभाग के संभाग समन्वयक रवि बर्मन, जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी और विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया उपस्थित रहे।
बैठक से पूर्व परिषद के अधिकारियों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं ने कुंभेश्वर घाट पर वृहद स्तर पर श्रमदान किया। इस दौरान नर्मदा तट से पॉलीथिन, पुराने कपड़े और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को समेटा गया। टीम ने घाट से लगभग 2.5 क्विंटल कचरा एकत्रित कर उसका सुरक्षित निपटान किया। इसके बाद सभी उपस्थित जनों ने माँ नर्मदा को निर्मल और स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हुए कुम्हा स्थित आश्रम परिसर में पौधरोपण किया।
गंगा दशहरा पर 25 पंचायतों में निकलेगी कलश यात्रा
श्रमदान के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में विकासखंड समन्वयक संतोष झारिया ने नारायणगंज ब्लॉक का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर विकासखंड के पांच सेक्टरों की 25 प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान स्थानीय जल स्रोतों का पूजन, साफ-सफाई और उनके रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान हेतु परिषद की ओर से प्रत्येक ग्राम पंचायत को पत्र भी जारी किए जा चुके हैं।
कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा
संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने क्षेत्र में संचालित नवांकुर संस्थाओं के संस्कार केंद्रों, सूचना केंद्रों और नर्सरी स्थापना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी समितियों के कार्यों को सराहते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। इसके साथ ही सीएमसीएलडीपी परामर्शदाताओं की कक्षाओं की सेक्टर-वार समीक्षा की गई और आगामी परीक्षाओं की तैयारी सहित नए सत्र में नवीन प्रवेश के लिए छात्रों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।










