मधुमक्खी संरक्षण का नवाचार बनेगा मंडला का गौरव

मधुमक्खी संरक्षण का नवाचार बनेगा मंडला का गौरव: प्रफुल मिश्रा

  • नाबार्ड और सीडीवीडी ने नए अंदाज में मनाया अंर्तराष्ट्रीय मधुमक्खी दिवस
  • हनी हंटर्स को मिला ‘मधुमक्खी मित्र’ सम्मान

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) और सेंटर ऑफ डिस्कवरी फॉर विलेज डेवलपमेंट (सीडीवीडी) के संयुक्त तत्वावधान में जिले में अंतरराष्ट्रीय मधुमक्खी दिवस को एक नए और अनूठे अंदाज में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल मिश्रा तथा अध्यक्ष के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा उपस्थित रहे।

रोजगार और पर्यावरण के लिए मील का पत्थर

मुख्य अतिथि प्रफुल मिश्रा ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मधुमक्खी संरक्षण को लेकर जिले में जो नवाचार किए जा रहे हैं, वे आने वाले समय में मंडला का गौरव बनेंगे। वहीं, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि मधुमक्खी पालन और संरक्षण के इस बड़े अभियान से स्थानीय लोगों को सीधे रोजगार मिल रहा है, जो बेहद सराहनीय है। नाबार्ड के डीडीएम देवब्रत पाल ने शहद परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि वनों व मधुमक्खियों की रक्षा और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने के लिए सतत विकास आवश्यक है।

पीपीटी से समझाई सुरक्षित शहद निकालने की तकनीक

सीडीवीडी के डायरेक्टर निशार कुरैशी ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से मधुमक्खियों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने पारंपरिक ‘हनी हंटर्स’ (शहद निकालने वाले) को होने वाली समस्याओं और आधुनिक, सरल व सुरक्षित तकनीक से शहद निकालने की विधि को विस्तार से समझाया। कृषि विभाग की डिप्टी डायरेक्टर मधु अली ने बताया कि मधुमक्खियों द्वारा होने वाले परागण (पोलिनेशन) से कृषि उत्पादन में भारी वृद्धि होती है। पर्यावरण विशेषज्ञ राजेश छत्री ने प्रकृति और मधुमक्खी के गहरे अंतर्संबंधों पर प्रकाश डाला।

वित्तीय साक्षरता और कौशल विकास पर चर्चा

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में एलडीएम सुजय कुमार और वित्तीय साक्षरता केंद्र के के.के. अवस्थी ने बैंकिंग सुविधाओं व बीमा योजनाओं की जानकारी दी। आरसेटी (RSETI) डायरेक्टर राजेश राय ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित विभिन्न कौशल प्रशिक्षणों के बारे में बताया।

पोस्टर प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

“यदि मधुमक्खी विलुप्त हो जाए तो क्या होगा?” विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 23 प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से गंभीर संदेश दिया। प्रतियोगिता में शालिनी पटेल ने प्रथम, गरिमा शुक्ला ने द्वितीय और रीता अहिरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा आद्या अग्रवाल, प्रिंस सोनवानी एवं प्रज्ञा नंदा को स्पेशल प्राइज से नवाजा गया।

‘मधुमक्खी मित्र’ सम्मान की शुरुआत

इस अवसर पर संस्था द्वारा ‘मधुमक्खी मित्र सम्मान’ देने की अनूठी शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि द्वारा ग्राम कांडरा के पुरुषोत्तम उइके व काशीराम तथा हर्रा टोला के क्लार सिंह परस्ते को श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी को मधुमक्खी संरक्षण की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस गरिमामयी आयोजन में सुधीर कंसकार, पत्रकार संघ के नीरज अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार शशांक चौबे, किशोर न्यायालय बोर्ड के डॉ. गजेंद्र गुप्ता सहित 100 से अधिक हनी हंटर्स, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन साबरीना खान व फलक कुरैशी ने किया तथा अंत में उपस्थित अतिथियों का आभार प्रदर्शन फिरोज खान द्वारा किया गया।


Leave a Comment