टीकाकरण दिवस पर अनुपस्थित सीएचओ का कटेगा सात दिन का वेतन

Advertisements

टीकाकरण दिवस पर अनुपस्थित सीएचओ का कटेगा सात दिन का वेतन

  • स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग का संयुक्त औचक निरीक्षण
  • गंभीर कुपोषित बच्चे को भर्ती रखने के दिए निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और मैदानी स्तर पर मुस्तैदी जांचने के लिए सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती और महिला एवं बाल विकास अधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया। इस संयुक्त भ्रमण के दौरान लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जहाँ सख्त कार्रवाई की गई, इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

टीकाकरण ड्यूटी से गायब मिलीं सीएचओ, वेतन काटने के दिए निर्देश 

सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा घुघरी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गजराज, डोंगर मंडला एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गजराज में पदस्थ सीएचओ वैशाली चौरे टीकाकरण दिवस के दिन भी केंद्र से अनुपस्थित पाई गईं। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से उनका सात दिवस का वेतन काटने की दंडात्मक कार्रवाई की है।

कुपोषित बच्चे को ठीक होने तक अस्पताल में रखने के दिए निर्देश 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहाँ मौजूद मरीजों से चर्चा की। केंद्र में एक अत्यधिक गंभीर कुपोषित बच्चा मिलने पर सीएमएचओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चे का तत्काल बेहतर उपचार शुरू किया जाए और जब तक वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाता, तब तक उसे स्वास्थ्य संस्था में ही भर्ती रखा जाए।

गर्भवती माताओं से लिया सेवाओं का फीडबैक 

घुघरी ब्लॉक के बाद संयुक्त टीम ने मोहगांव ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पातादेई और मुंगबानी का भी रुख किया। यहाँ चल रहे नियमित टीकाकरण कार्य की बारीकी से मॉनिटरिंग की गई। अधिकारियों ने केंद्र में उपस्थित गर्भवती महिलाओं से चर्चा कर उन्हें उचित स्वास्थ्य परामर्श दिया। साथ ही, वहाँ पदस्थ सीएचओ और एएनएम द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं का जमीनी स्तर पर फीडबैक भी लिया। इस औचक निरीक्षण से पूरे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप का माहौल रहा।


Leave a Comment