मृतक दावे के साथ दिलाया 2 लाख के बीमा का लाभ

एसबीआई बीजाडांडी की अनूठी पहल

मृतक दावे के साथ दिलाया 2 लाख के बीमा का लाभ

  • शाखा प्रबंधक की सजगता से मिला पीडि़त परिवार को संबल
  • अनजान नॉमिनी का स्वयं पहल कर कराया क्लेम

मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय स्टेट बैंक की बीजाडांडी शाखा ने संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है। बैंक प्रबंधन की सतर्कता के कारण एक ग्रामीण परिवार को न केवल उनके मृतक दावे का निपटारा मिला, बल्कि अनजाने में सक्रिय प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का 2 लाख का लाभ भी प्राप्त हुआ।

दस्तावेजों की जांच में सामने आई बीमे की जानकारी 

जानकारी अनुसार ग्राम निवासी स्वर्गीय तुलाराम की धर्मपत्नी श्रीमती सविता बाई अपने पति के खाते के निपटारे और मृतक दावा जमा करने बैंक पहुँची थीं। जब शाखा प्रबंधक श्रीमती दीक्षा सोनी ने दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, तो उन्हें पता चला कि मृतक के खाते पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सक्रिय थी। पीडि़त परिवार इस महत्वपूर्ण जानकारी से पूरी तरह अनजान था।

बैंक प्रबंधन ने स्वयं पूरी कराईं औपचारिकताएं 

शाखा प्रबंधक ने तत्काल नॉमिनी सविता बाई को बीमे की जानकारी दी और सांत्वना देते हुए क्लेम प्रक्रिया शुरू कराई। बैंक प्रबंधन ने स्वयं पहल करते हुए सभी जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी कराईं, जिससे पीडि़त परिवार को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

एक सप्ताह में मिली 2 लाख की राहत राशि 

बैंक की तत्परता का ही परिणाम था कि मात्र एक सप्ताह के भीतर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दो लाख रुपये की क्लेम राशि स्वीकृत होकर परिवार को मिल गई। दुख की इस घड़ी में मिली इस बड़ी आर्थिक सहायता से परिवार को भारी संबल मिला है।

ग्रामीणों ने की सराहना 

एसबीआई बीजाडांडी शाखा और शाखा प्रबंधक श्रीमती दीक्षा सोनी की इस सहृदयता और सेवा भाव की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बैंक प्रबंधन सजग न होता, तो एक गरीब परिवार इस सरकारी योजना के लाभ से वंचित रह जाता।


Leave a Comment