अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर
मलबे के नीचे दबने से 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
- जामगांव-चमरवाही मार्ग पर तालाब के पास हुआ हादसा
- सुबह-सुबह हुई घटना से गांव में पसरा मातम
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर क्षेत्र के ग्राम जामगांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ चमरवाही सड़क मार्ग पर तालाब के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने के कारण चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी अनुसार दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की है। ग्राम जामगांव निवासी तरुण यादव (21 वर्ष), पिता कुंवर यादव ट्रैक्टर लेकर चमरवाही मार्ग से गुजर रहा था। तभी अचानक तालाब के पास वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना अचानक और गंभीर था कि तरुण को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वह भारी-भरकम ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया।

मशक्कत के बाद निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित
घटना की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भारी मशक्कत और सूझबूझ के बाद युवक को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सिविल अस्पताल नैनपुर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। यहाँ चिकित्सकों ने गहन परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर नैनपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है कि हादसा वाहन की तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी तकनीकी खराबी की वजह से। वहीं, महज 21 वर्ष के होनहार युवक की असमय मौत से पूरे जामगांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









