दो कंटेनरों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन गंभीर घायल

एनएच -30 पर दो कंटेनरों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत

केबिन में फंसे तीन लोग गंभीर रूप से घायल

  • ओवरटेक करने के चक्कर में धनवाही और खुटापड़ाव के बीच हुआ हादसा
  • प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीजाडांडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धनवाही और खुटापड़ाव के बीच मंगलवार को ओवरटेक करने के प्रयास में दो तेज रफ्तार कंटेनरों की आमने-सामने सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह पिचक गए और चालक व परिचालक केबिन के भीतर ही फंस गए। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।जानकारी अनुसार एक कंटेनर मंडला की दिशा से आ रहा था, जबकि दूसरा कंटेनर विपरीत दिशा यानी जबलपुर की ओर से जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन धनवाही और खुटापड़ाव के बीच पहुंचे, इसी दौरान ओवरटेक करने की होड़ में दोनों के चालकों ने नियंत्रण खो दिया और भारी-भरकम कंटेनर आपस में सीधे टकरा गए। भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे की सूचना तत्काल बीजाडांडी पुलिस और डायल 112 को दी।

पुलिस और राहगीरों ने मशक्कत कर निकाला बाहर 

सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुड़ापे अपने पुलिस स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वाहनों के केबिन को काटकर अंदर फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी उपचार के लिए लाया गया।

घायलों को जबलपुर किया रेफर 

बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुड़ापे ने बताया कि इस भीषण दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों सहित कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान कृष्ण पाल 29 वर्ष, पिता राममुनी, निवासी इलाहाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। कृष्ण पाल को हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई है। वहीं रण विजय प्रताप सिंह 27 वर्ष, पिता रविन्द्र सिंह, निवासी औरैया उत्तर प्रदेश को सिर में गंभीर चोट आई है। इसके साथ ही सुनील 30 वर्ष, पिता रामेश्वर, निवासी इलाहाबाद उत्तर प्रदेश को हाथ और पैर में गहरी चोटें आई है। बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में पदस्थ चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि तीनों की नाजुक हालत और अत्यधिक खून बहने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Leave a Comment