नेकेश्वर पटेल बने कुर्मी समाज के नगर अध्यक्ष
संगठन विस्तार पर बनी रणनीति
- बिंझिया में संपन्न हुई नवीन कार्यकारिणी की बैठक
- बलराम पटेल और राजेंद्र सिंगौर को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
मंडला महावीर न्यूज 29. बिंझिया स्थित सरदार पटेल मंगल भवन में कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला की नवीन कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिला अध्यक्ष सी.बी. पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गईं, जिसमें नेकेश्वर पटेल (किले वार्ड) को सर्वसम्मति से नगर इकाई का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
संगठन की मजबूती के लिए नई नियुक्तियाँ
बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। इसी कड़ी में बलराम पटेल (बिनैका) एवं राजेंद्र सिंगौर (छोटी खैरी) को उपाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उल्लेखनीय है कि संगठन ने भविष्य में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के गठन का प्रस्ताव रखा है, ताकि सामाजिक गतिविधियों को गति दी जा सके।
समाज के विकास के लिए रहेंगे तत्पर: नेकेश्वर पटेल
नगर अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद नेकेश्वर पटेल ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपनी टीम के साथ कुर्मी समाज के उत्थान और विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उनकी प्राथमिकता समाज को एकजुट करना और जनकल्याणकारी कार्यों को धरातल पर उतारना होगी।
स्वजातीय बंधुओं ने दी बधाई
इस अवसर पर नवीन कार्यकारिणी के सदस्य गणेश पटेल, निर्मल पटेल, चंदन पटेल, कुंदन पटेल, प्रियदर्शन पटेल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेकेश्वर पटेल की नियुक्ति पर पीलेश्वर पटेल, गिरीश पटेल, राजेश पटेल, दुर्गेश पटेल, बसंत पटेल, राजा पटेल, रामभजन पटेल और श्रीमती संजुलता सिंगौर सहित समस्त स्वजातीय बंधुओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।










