घर-घर दस्तक देने 20 मई से शुरू होगा अभियान

विशेष टीकाकरण और हेड काउंट सर्वे को लेकर कार्यशाला

स्वास्थ्य कर्मियों को मिला प्रशिक्षण

  • दो चरणों में चलेगा विशेष अभियान
  • 20 मई से शुरू होगा घर-घर दस्तक देने का अभियान

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आगामी अभियानों के सफल क्रियान्वयन के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा सहयोगी और आशा कार्यकर्ताओं को आगामी अभियानों के लिए विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।बीसीएम राहुल चंद्रौल ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य रूप से दो आगामी बड़े कार्यक्रम हेड काउंट सर्वे और विशेष टीकाकरण अभियान की रूपरेखा साझा की गई। कार्यक्रम के विषय में विस्तार से बताते हुए कहां कि यह सर्वे 20 मई से 05 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें घर-घर जाकर लक्ष्य समूह की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही सर्वे के बाद 08 जून से 19 जून तक विशेष टीकाकरण अभियान संचालित होगा, जिसका उद्देश्य छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करना है।

गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश 

कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को हेड काउंट सर्वे की बारीकियों, लक्ष्य समूह की सटीक पहचान और डेटा संकलन के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सर्वे कार्य पूर्ण करें। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुँचाना और टीकाकरण कवरेज को शत-प्रतिशत करना है।

प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर 

सीएचसी बीजाडांडी सीबीएमओ ने बताया कि यह प्रशिक्षण अभियान की सफलता की नींव है। सर्वे के माध्यम से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर ही टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा। कार्यशाला में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे, जिन्हें मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों के समाधान के टिप्स भी दिए गए।


Leave a Comment