सलवाह में जल संकट होगा दूर
पीएचई विभाग ने शुरू किया टूटी पाइपलाइन को जोडऩे का कार्य
- रोड निर्माण कंपनी की लापरवाही से गहराया था संकट
- अब युद्धस्तर पर सुधार कार्य जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी की ग्राम पंचायत सलवाह में पिछले लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट को दूर करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने कमान संभाल ली है। पूर्व में सड़क निर्माण के दौरान निर्माण कंपनी की घोर लापरवाही से गांव की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। अब विभाग इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक्शन मोड में नजर आ रहा है.
फरवरी में हुआ था नया बोर, अब अंतिम चरण में काम
पेयजल आपूर्ति को बहाल करने के लिए विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों को लेकर पीएचई अधिकारी मनोज भास्कर ने बताया कि गाँव में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी तकनीकी संसाधन जुटा लिए गए हैं। इसी वर्ष फरवरी माह में बोरिंग मशीन द्वारा नया बोर किया गया था, जिसमें मोटर डालने का कार्य पूर्ण हो चुका है। ग्रामीणों को पर्याप्त पानी देने के लिए पानी की टंकी का निर्माण पहले ही पूरा किया जा चुका है। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दुरुस्त करने के लिए ग्राम पंचायत और पीएचई की टेक्निकल टीम संयुक्त रूप से फील्ड पर काम कर रही है।
ग्रामीणों को राहत की उम्मीद
भीषण गर्मी और जल संकट के बीच विभाग की इस तत्परता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पाइपलाइन जुड़ते ही बंद पड़ी नल-जल योजना बहाल हो जाएगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आगामी कुछ ही दिनों में उनकी लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत और हमारी टीम द्वारा पाइपलाइन जोडऩे का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही कार्य पूरा कर नल-जल योजना को पुन: संचालित कर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को घर-घर पानी मिल सकेगा।
मनोज भास्कर, पीएचई विभाग










