स्वास्थ्य परीक्षण में मिले 12 कुपोषित बच्चे

शिविर में 67 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जांच में मिले 12 कुपोषित बच्चे

  • परिजनों को दी गई एनआरसी भेजने की समझाइश
  • पौंडी माल में स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग का संयुक्त शिविर

मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी के अंतर्गत आने वाले ग्राम पोंडीमाल में सीबीएमओ डॉ. अजय तोष मरावी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त सौजन्य से मेम-सेम बच्चों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरबीएसके टीम बीजाडांडी के डॉ. ललित चतुर्वेदी द्वारा क्षेत्र के 67 बच्चों की गहन स्वास्थ्य जांच की गई।जांच के दौरान शिविर में 12 बच्चे कुपोषण की श्रेणी में चिह्नित किए गए। इन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपस्थित डॉक्टरों और अधिकारियों द्वारा उनके परिजनों को पोषण पुनर्वास केंद्र नारायणगंज या निवास में भर्ती कराने के लिए विस्तारपूर्वक समझाइश दी गई, जिससे बच्चों को सही पोषण और उपचार मिल सके। वहीं शिविर के दौरान ही मध्यम कुपोषित बच्चों का सी-सैम योजना के अंतर्गत आवश्यक उपचार व दवाइयां शुरू की गईं।

अधिकारियों और जमीनी अमले का रहा सराहनीय सहयोग 

इस स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन और प्रबंधन में महिला बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी मनीषा तिवारी, सुपरवाइजर मीना तेकाम, स्वास्थ्य विभाग से बीईई एस झरिया, सुपरवाइजर एसआर नंदा, एलएचवी के धुर्वे, एएनएम संगीता मरावी व विनीता रहेंगदले सहित क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान व सराहनीय सहयोग रहा।


Leave a Comment