बिछिया में मौत बनकर दौड़ी बेकाबू बस

बिछिया में मौत बनकर दौड़ी बेकाबू बस

आधा किलोमीटर तक रिवर्स में भागता रहा वाहन

  • ब्रेक फेल होने के बाद बिजली लाइन से टकराकर गड्ढे में गिरी आकाश बस
  • चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बिछिया नगर के साईं तिराहा क्षेत्र में गुरूवार रात्रि को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर मौत बनकर दौडऩे लगी। ब्रेक फेल होने के कारण आकाश बस लगभग आधा किलोमीटर तक उल्टी दिशा (रिवर्स) में तेज रफ्तार से दौड़ती रही। सड़क पर भारी भीड़ होने के बावजूद ड्राइवर की सूझबूझ से एक बड़ी जनहानि टल गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साईं तिराहा के पास बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया था। ढलान और तकनीकी खराबी के चलते बस पीछे की ओर तेज रफ्तार से भागने लगी। व्यस्त सड़क होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के बीच चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बस चालक ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार हॉर्न बजाते हुए बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया ताकि कोई इसकी चपेट में न आए।

बिजली लाइन से टकराकर गड्ढे में रुकी बस 

अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर पीछे भागने के बाद बस कल्याण आश्रम के पास एक मोड़ पर बिजली की मुख्य लाइन के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे उसकी रफ्तार थम गई। गनीमत यह रही कि बिजली का तार टूटने के बावजूद कोई बड़ी आगजनी या करंट की घटना नहीं हुई।

खाली थी बस, सुरक्षित रहे लोग 

हादसे के समय सबसे राहत की बात यह रही कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था। बस खाली होने और सड़क पर ड्राइवर द्वारा सावधानी बरतने के कारण किसी भी राहगीर को चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का हुजूम जमा हो गया। नगरवासियों ने बस चालक की जांबाजी की प्रशंसा की, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर नगर में एक भीषण सड़क दुर्घटना होने से बचा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a Comment