मंडला पुलिस का हेलमेट अभियान
15 दिनों में 1811 चालान, वसूला 5.43 लाख से अधिक का जुर्माना
- सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त
- 92 लापरवाह चालकों के लाइसेंस निलंबन की तैयारी
- अभियान में पुलिस ने दी समझाइश
मंडला महावीर न्यूज 29. सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से मंडला पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष हेलमेट अनिवार्यता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जिले भर के सभी थानों और यातायात पुलिस ने इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है।
बताया गया कि विगत माह 25 अप्रैल से 10 मई तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जिले भर में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1811 चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। इस दौरान पुलिस ने 5 लाख 43 हजार 300 रूपए का समन शुल्क वसूला। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बार-बार नियमों की अनदेखी करने वाले 92 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए प्रस्ताव परिवहन विभाग को भेजे गए हैं।
जागरूकता पर भी रहा जोर
अभियान के दौरान केवल दंड पर ही नहीं, बल्कि जन-जागरूकता पर भी ध्यान दिया गया। यातायात पुलिस ने प्रमुख चौराहों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर नागरिकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।










