जबलपुर से गिरफ्तार हुआ तीन मामलों का स्थाई वारंटी

मंडला पुलिस का वारंटी धरपकड़ अभियान

जबलपुर से गिरफ्तार हुआ तीन मामलों का स्थाई वारंटी

  • महिला थाना पुलिस की बड़ी सफलता
  • आरोपी मणिदीप लंबे समय से था फरार
  • पुलिस ने न्यायालय में किया पेश

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जिले में फरार अपराधियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महिला थाना पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहे एक शातिर स्थाई वारंटी को जबलपुर से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

जानकारी अनुसार स्थाई वारंटी मणिदीप सिंह सिसोदिया पिता समरजीत सिंह सिसोदिया 42 वर्ष, निवासी कबीर चौक मंडला काफी समय से फरार चल रहा था। महिला थाना प्रभारी आरती धुर्वे के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर जबलपुर में दबिश दी और आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा।पकड़े गए आरोपी मणिदीप सिंह सिसोदिया के विरुद्ध केवल महिला थाना ही नहीं, बल्कि थाना कोतवाली मंडला में भी गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 3 अलग-अलग प्रकरणों में माननीय न्यायालय द्वारा स्थाई वारंट जारी किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत प्रक्रिया पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

टीम की रही सराहनीय भूमिका 

इस प्रभावी कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी आरती धुर्वे, उप निरीक्षक आकांक्षा उरमलिया, आरक्षक देवेंद्र तराम और आरक्षक चालक प्रशांत चौबे की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की इस सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए जिले में वारंटियों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।


Leave a Comment