चिरईडोंगरी में ओवरलोड डंपरों का तांडव

चिरईडोंगरी में ओवरलोड डंपरों का तांडव

धूल और प्रदूषण से जनता त्रस्त, कांग्रेस ने दी चक्काजाम की चेतावनी

  • डोलोमाइट परिवहन से बढ़ रहे हादसे
  • ब्लॉक कांग्रेस ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
  • सात दिन का दिया अल्टीमेटम

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर तहसील के चिरईडोंगरी क्षेत्र में डोलोमाइट का परिवहन कर रहे ओवरलोड डंपरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। डंपरों की आपाधापी और नियमों की अनदेखी से नाराज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नैनपुर (चिरईडोंगरी) ने प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल उईके ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि चिरईडोंगरी रेलवे साइडिंग से निकलने वाले डंपर क्षमता से अधिक डोलोमाइट और गिट्टी लादकर तेज गति से दौड़ रहे हैं। इन ओवरलोड डंपरों से लगातार सड़कों पर गिट्टियां गिर रही हैं, जिससे आए दिन मोटरसाइकिल सवार फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि संबंधित ठेकेदारों को बार-बार सूचना देने के बावजूद डंपरों की लोडिंग व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।

प्रदूषण से ग्रामीण परेशान, नियमों की उड़ रही धज्जियां 

अनिल उईके ने बताया कि रेलवे के नियमानुसार लोडिंग के समय धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव अनिवार्य है, लेकिन ठेकेदारों द्वारा इन नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। डंपरों से उड़ती डोलोमाइट की डस्ट चारों तरफ फैल रही है, जिससे ग्रामीणों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है।

सात दिन में निदान न होने पर चक्काजाम 

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर को सौंपे गए पत्र में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सात दिनों के भीतर डंपरों के अवैध परिवहन और प्रदूषण पर अंकुश नहीं लगा, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरईडोंगरी रेलवे साइडिंग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेगी। इस दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति या व्यवस्था की संपूर्ण जवाबदेही शासन और प्रशासन की होगी।


Leave a Comment