घर में घुसकर तांडव मचाने वाले सभी हमलावर गिरफ्तार
- नाबालिग सहित 6 आरोपी सलाखों के पीछे
- कार के पीछे सिगरेट पीने से शुरू हुआ था विवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड डिंडोरी नाका क्षेत्र में विगत दिवस एक परिवार पर जानलेवा हमला करने वाले सभी बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपियों सहित एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया है। इस हमले में महिलाओं सहित छह लोग घायल हुए थे, जिनका उपचार जारी है।
बताया गया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी। पीडि़त मनोज कछवाहा के घर पर उनके रिश्तेदार और परिजन रात्रि भोज के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान घर के सामने खड़ी कार के पीछे कुछ युवक खड़े होकर सिगरेट पी रहे थे। जब परिजनों ने घर के सामने इस तरह खड़े होने और सिगरेट पीने पर आपत्ति जताई, तो युवक विवाद करने लगे। कुछ ही देर बाद इन युवकों ने अपने साथियों को बुलाया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से घर पर हमला बोल दिया।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में अतुल कोटिया, जय गोटिया, मोहित गोटिया, हनी, राज और एक अन्य (नाबालिग) शामिल है।
सख्त धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर धारा 296 (ए) (अश्लील कार्य/गाली गलौज), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुँचाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (समान मंशा से किया गया कृत्य) के तहत कार्रवाई की गई है।
दहशत फैलाने वालों पर नकेल
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में आक्रोश था। आरोपियों ने न केवल मारपीट की थी, बल्कि घर के अंदर दरवाजा बंद कर लेने के बाद भी बाहर से पथराव कर खिड़की-दरवाजे तोड़ दिए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस त्वरित गिरफ्तारी से वार्डवासियों ने राहत की सांस ली है। कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।









