नेशनल हाईवे पर धू-धू कर जला ट्रक

नेशनल हाईवे पर धू-धू कर जला ट्रक

वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग, केबिन राख

  • जबलपुर से रायपुर की तरफ जा रहा वाहन बना आग का गोला
  • औरई के पास मैकेनिक की दुकान पर हुआ हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच नेशनल हाईवे-30 पर एक बड़ा हादसा सामने आया है। मंगलवार को रायपुर-मंडला-जबलपुर मार्ग पर स्थित औरई ग्राम के पास चिकलहा नाला के समीप एक ट्रक में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया और उसका केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।जानकारी अनुसार ट्रक जबलपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। औरई के पास ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे एक बैल्डिंग दुकान पर रोका। जब मैकेनिक ट्रक में बैल्डिंग का कार्य कर रहा था, इसी दौरान मशीन से निकली एक चिंगारी इंजन के पास रिसे हुए ऑयल पर जा गिरी। तेल ने तुरंत आग पकड़ ली और भीषण गर्मी के कारण लपटें पल भर में पूरे केबिन में फैल गईं।

पंप से आग बुझाने का प्रयास, मची अफरा-तफरी 

आग लगते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों और दुकानदारों ने तुरंत मोटर पंप लगाकर पानी की बौछारें शुरू कीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन जब तक दमकल अमला मौके पर पहुँचता, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। ट्रक का अगला हिस्सा और केबिन पूरी तरह जल चुका था।

गर्मी में बढ़ रही वाहन दुर्घटनाएं 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गनीमत रही कि आग फैलते ही चालक और मैकेनिक समय रहते वाहन से दूर हट गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। बढ़ते तापमान के कारण इन दिनों हाईवे पर चलने वाले वाहनों में घर्षण और हीटिंग की वजह से आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई और मामले की जांच शुरू कर दी है।


Leave a Comment