शहर के होटलों और घरों में दबिश, भारी मात्रा में शराब जब्त

मंडला आबकारी विभाग का एक्शन

शहर के होटलों और घरों में दबिश, भारी मात्रा में शराब जब्त

  • कलेक्टर के निर्देश पर बाईपास और शास्त्री वार्ड में छापेमारी
  • अवैध शराब विक्रेताओं पर आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में आबकारी विभाग ने मंगलवार को व्यापक कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में मण्डला वृत्त की टीम ने शहर के बाईपास स्थित ढाबों, होटलों और रिहायशी इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है।

होटल-ढाबों और घरों में तलाशी

आबकारी विभाग की टीम ने सबसे पहले मंडला बाईपास पर स्थित विभिन्न होटल और ढाबों की सघन चेकिंग की, जहाँ से 9 बोतल विदेशी मदिरा जब्त की गई। इसके उपरांत टीम ने शास्त्री वार्ड में एक संदिग्ध मकान पर छापा मारा, जहाँ से 50 नग देशी प्लेन, 50 नग विदेशी मदिरा और 15 बीयर कैन/बोतलें बरामद की गईं।

संगम क्षेत्र में भी हुई कार्रवाई

कार्रवाई का सिलसिला महाराजपुर संगम क्षेत्र तक पहुँचा, जहाँ दो अलग-अलग स्थलों पर दबिश दी गई। यहाँ से टीम ने 15 बीयर और 10 नग विदेशी मदिरा जब्त की। अवैध रूप से मदिरा का विक्रय और संग्रहण करने वाले आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। विभाग के अनुसार, जब्त की गई कुल शराब की अनुमानित कीमत लगभग 27,300/- रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई में शामिल टीम

इस सफल दबिश में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, प्रधान आरक्षक दुर्जन कुलेश, आरक्षक नेतराम ककोटिया और शकुंतला सैयाम की मुख्य भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।


Leave a Comment