लखनादौन SDOP अपूर्व भलावी परम विशिष्ट रुस्तम जी पुरस्कार से सम्मानित

लखनादौन SDOP अपूर्व भलावी परम विशिष्ट रुस्तम जी पुरस्कार से सम्मानित

  • नक्सली संदीप की गिरफ्तारी में दिखाया था अदम्य साहस
  • मुख्यमंत्री ने रिवॉल्वर और प्रशस्ति पत्र देकर किया पुरस्कृत

मंडला महावीर न्यूज 29.  मध्य प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास में एक और अध्याय जुड़ गया है। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लखनादौन, अपूर्व भलावी को उनकी वीरता और उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रदेश के प्रतिष्ठित ‘के.एफ. रुस्तम जी पुरस्कार’ (वर्ष 2021-22) की ‘परम विशिष्ट’ श्रेणी से सम्मानित किया गया है।  आयोजित एक गरिमामयी समारोह में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें पुरस्कार स्वरूप एक रिवॉल्वर और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

बालाघाट में दी थी नक्सलियों को शिकस्त

यह सम्मान उन्हें बालाघाट जिला पदस्थापना के दौरान प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के विरुद्ध चलाए गए सफल अभियान के लिए दिया गया है। श्री भलावी ने माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य संदीप की गिरफ्तारी के दौरान उच्च कोटि की व्यावसायिक दक्षता, रणनीतिक कौशल और अदम्य साहस का परिचय दिया था। उनकी इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से नक्सली संगठन द्वारा भविष्य में रची जाने वाली कई संभावित बड़ी साजिशों और हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली थी।

परम विशिष्ट श्रेणी में चयन

पुलिस विभाग में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिए जाने वाले इस पुरस्कार की ‘परम विशिष्ट’ श्रेणी अत्यंत कठिन मानकों पर आधारित होती है। अपूर्व भलावी के चयन से न केवल लखनादौन पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश के पुलिस महकमे में हर्ष की लहर है। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के सम्मान से युवा पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ता है और वे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहयोगियों ने उन्हें बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Comment