मंडला में गुंडागर्दी
घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट और पथराव, दो आरोपी गिरफ्तार
- डिंडोरी नाका क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला
- दहशत में परिवार, वीडियो आया सामने
हाइलाइट्स
-
घायल: रमा बाई, मनीषा और अमन बैरागी (जिला अस्पताल में भर्ती)।
-
पुलिस एक्शन: 2 गिरफ्तार, 4 की तलाश जारी।
-
वजह: छेड़खानी और अभद्र टिप्पणियों का विरोध करना।
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के डिंडोरी नाका क्षेत्र में रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने जमकर तांडव मचाया। अश्लील टिप्पणियों का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक घर में घुसकर न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट भी की। इस हमले में दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित मनोज कछवाहा ने बताया कि रविवार रात उन्होंने अपनी बहनों और उनके परिवारों को भोजन पर आमंत्रित किया था। परिवार के सभी सदस्य जब खाने की तैयारी कर रहे थे, तभी घर के बाहर खड़ी गाड़ी के पास खड़े दो युवक अश्लील टिप्पणियां करने लगे। जब परिजनों ने उन्हें समझाइश देकर वहां से हटाया, तो वे विवाद करने लगे और देख लेने की धमकी देकर चले गए।
लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
आरोप है कि कुछ ही देर बाद दोनों युवक अपने अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर लौटे और हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए परिवार के लोग घर के अंदर भागे और दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन आरोपियों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया और तोड़फोड़ की। इस हिंसक झड़प में रमा बाई कछवाहा, मनीषा बैरागी और अमन बैरागी को चोटें आई हैं। घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनमें आरोपी घर में तोड़फोड़ करते साफ नजर आ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई: छह पर मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने मनोज कछवाहा की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
एसपी का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश रघुवंशी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि छह आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों और महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










