कुर्मी समाज मंडला की कमान फिर एडवोकेट सीबी पटेल के हाथ
तीसरी बार निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष
- सरदार पटेल मंगल भवन में संपन्न हुआ त्रैवर्षिक निर्वाचन
- सामाजिक एकजुटता और विकास का लिया संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला कुर्मी समाज विकास संगठन के त्रैवर्षिक चुनाव बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में संपन्न हुए। समाज के प्रबुद्ध जनों और मातृशक्ति की विशाल उपस्थिति में निर्वाचन प्रक्रिया निर्विरोध और सर्वसम्मति से पूरी की गई, जिसमें एडवोकेट सी.बी. पटेल को लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा गया है।
बताया गया कि निर्वाचन अधिकारी राम भजन पटेल, कुंज बिहारी पटेल, कैलाश पटेल सहित अन्य सहयोगियों की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में वसंत पटेल, सुरेंद्र पटेल, सुरेश चौधरी और गणेश पटेल को चुना गया है। सचिव की जिम्मेदारी निर्मल पटेल को दी गई है, जबकि चंदन पटेल को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। कोषाध्यक्ष के रूप में प्रियदर्शन पटेल को पुन: सेवा का अवसर मिला है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुंदन पटेल, संदीप सिंगौर और अरविंद पटेल को शामिल किया गया है।
सामाजिक कुरीतियों के त्याग और शिक्षा पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान केसरी पटेल, अमरसिंह चंदेला, कुंजबिहारी पटेल और अमूल पटेल जैसे प्रबुद्ध वक्ताओं ने समाज को संबोधित किया। वक्ताओं ने सामाजिक विकास, कुरीतियों के त्याग, महिला सशक्तिकरण और बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने समाज में नवीन चेतना लाने और संस्कारों को जीवंत रखने का आह्वान किया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना ही लक्ष्य
पुन: अध्यक्ष चुने जाने के बाद अपने उद्बोधन में एडवोकेट सीबी पटेल ने समाज का आभार व्यक्त करते हुए कहा, हमारा निरंतर प्रयास होगा कि सामाजिक संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाए। हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचकर उनके उत्थान के लिए हर संभव कार्य करेंगे।
उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ आयोजन
भीषण गर्मी के बावजूद दूर-दराज के ग्रामों से बड़ी संख्या में स्वजातीय भाई-बहन कार्यक्रम में पहुँचे। आयोजन समिति द्वारा शीतल पेयजल, छाछ और स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी। बम्हनी बंजर, ककैया, अंजनिया, पिंडरई और मंडला सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक बंधुओं ने नवीन कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि नई टीम समाज को संगठित करने में नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।










