ट्रक की चपेट में आई बाइक, दंपति की चमत्कारिक बची जान
उदयपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसा
- चौपहिया वाहन की टक्कर के बाद ट्रक के नीचे घुसी बाइक
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी के ग्राम उदयपुर में सोमवार का दिन हादसों के नाम रहा। सुबह ट्रैक्टर और हाईवा की भीषण भिड़ंत के महज 3 घंटे बाद पेट्रोल पंप से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर एक और दर्दनाक हादसा घटित हुआ। इस घटना में एक बाइक सवार दंपति मौत के मुंह से बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
जानकारी अनुसार सुनील चौधरी अपनी पत्नी मेघा चौधरी के साथ जबलपुर से अपने पैतृक गांव नारायणगंज के ग्राम गुजरसानी लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार काले रंग की कार ने उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दंपति छिटककर सड़क से दूर जा गिरे, जबकि उनकी बाइक सड़क के बीचों-बीच आ गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मोटरसाइकिल ट्रक के अगले हिस्से में घुसकर बुरी तरह नष्ट हो गई।
हादसे में दंपति की रही खुश किस्मती
खुशकिस्मती रही कि सुनील और मेघा चौधरी को केवल मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही स्थान पर कम अंतराल में दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को एक बार फिर रेखांकित कर दिया है।










